India Women vs Pakistan Women Cricket Live Update : टॉस के साथ ही हरमनप्रीत ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 150वें मैच में कप्तानी
महिला एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वहीं, भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर उतरते ही एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
हरमनप्रीत कौर ने रचा नया इतिहास
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह मुकाबला बेहद खास है। वह बतौर कप्तान अपना 150वां टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रही हैं। इसके साथ ही हरमनप्रीत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बतौर कप्तान 150 टी20 मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। खास बात यह है कि पुरुष क्रिकेट में भी अब तक कोई कप्तान इस मुकाम तक नहीं पहुंच सका है।
सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है टीम इंडिया
भारतीय महिला टीम ने एशिया कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है। लगातार दो जीत के साथ टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी है। पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत का ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला है।
इस मैच के लिए दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है और पिछली टीम के साथ ही मैदान पर उतरने का फैसला किया है।
भारत की प्लेइंग 11
स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फूलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा।
पाकिस्तान की प्लेइंग 11
मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदाफ शम्स, फातिमा सना (कप्तान), एयमन फातिमा, उम्मे हनी, तुबा हसन, नाशरा संधू और सादिया इकबाल।
टी20 में भारत का पलड़ा भारी
भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक 17 मुकाबले खेले जा चुके हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम का दबदबा साफ दिखाई देता है।
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 17 में से 14 मुकाबलों में जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ 3 बार भारत को हराने में सफल रही है। पाकिस्तान ने आखिरी बार साल 2022 में भारत को टी20 मुकाबले में हराया था। इसके बाद से भारतीय टीम लगातार चार मैचों में पाकिस्तान को मात दे चुकी है।
## भारतीय महिला टीम का स्क्वॉड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, भारती फूलमाली, रेणुका सिंह, शेफाली वर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), कमालिनी (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा, प्रतीका रावल, क्रांति गौड़, श्री चरणी और प्रेमा रावत।
पाकिस्तान महिला टीम का स्क्वॉड
फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, नाशरा संधू, गुल फिरोजा (विकेटकीपर), मुनीबा अली (विकेटकीपर), वहीदा अख्तर, तुबा हसन, सादिया इकबाल, उम्मे हनी, सदाफ शम्स, मोमिना रियासत, एयमन फातिमा, सायरा जबीन, शवाल जुल्फिकार और ईमान नसीर।
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा रोमांचक माना जाता है। टीम इंडिया जहां अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए ग्रुप स्टेज का शानदार अंत करना चाहेगी, वहीं पाकिस्तान की टीम भारत को हराकर टूर्नामेंट में बड़ा उलटफेर करने के इरादे से मैदान पर उतरी है।

