IND vs NZ: लॉकी फर्ग्यूसन टी20 सीरीज से बाहर, मैट फिशर को मिला मौका; मैट हेनरी भी चोटिल
भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी टी20 सीरीज में मेजबान टीम को चोटों के कारण बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते चौथे और पांचवें टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह मैट फिशर को टीम में शामिल किया गया है। फर्ग्यूसन के वनडे सीरीज तक फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि उनकी वापसी फिटनेस पर निर्भर करेगी।
भारत ने शुरुआती तीन मुकाबलों में जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऐसे में न्यूजीलैंड के लिए बाकी मैचों में वापसी करना चुनौतीपूर्ण होगा।
दूसरे टी20 में लगी थी फर्ग्यूसन को चोट
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, हैगली ओवल में खेले गए दूसरे टी20 मैच के दौरान फर्ग्यूसन को दाईं पिंडली में दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद कराए गए स्कैन में मांसपेशियों में मामूली चोट यानी ‘लो-ग्रेड टियर’ की पुष्टि हुई।
चोट से उबरने और दोबारा खेलने के लिए उन्हें करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है। इसी वजह से वह सीरीज के बाकी दोनों टी20 मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। फर्ग्यूसन तीसरे टी20 मैच में भी नहीं खेले थे।
मैट फिशर को मिला रिप्लेसमेंट के तौर पर मौका
फर्ग्यूसन की जगह तेज गेंदबाज मैट फिशर को न्यूजीलैंड की टी20 टीम में शामिल किया गया है। फिशर पहले से ही वेलिंगटन में टीम के साथ गेंदबाजी विकल्प के तौर पर जुड़े हुए थे। वह भारत-ए के खिलाफ भी खेल रहे थे।
फिशर के न्यूजीलैंड की मुख्य टीम में शामिल होने के बाद न्यूजीलैंड-ए टीम में उनकी जगह तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को मौका दिया गया है।
मैट हेनरी की चोट ने भी बढ़ाई चिंता
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी चोट से जूझ रहे हैं। दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान उनकी दाईं जांघ में दर्द हुआ था। जांच में उनकी मांसपेशियों में भी मामूली खिंचाव की पुष्टि हुई।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार, हेनरी को पूरी तरह ठीक होने में एक से दो सप्ताह लग सकते हैं। लगातार दो प्रमुख तेज गेंदबाजों के चोटिल होने से टीम की गेंदबाजी योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
अब न्यूजीलैंड की नजर बाकी टी20 मुकाबलों में उपलब्ध खिलाड़ियों के साथ बेहतर प्रदर्शन करने पर होगी। वहीं, फर्ग्यूसन और हेनरी की फिटनेस आगामी वनडे सीरीज से पहले टीम के लिए अहम रहेगी।

