Samachar Nama
×

IND vs ENG: यशस्वी जायसवाल ने मैनचेस्टर में रचा इतिहास, 51 साल बाद भारतीय ओपनर ने दोहराया

IND vs ENG: यशस्वी जायसवाल ने मैनचेस्टर में रचा इतिहास, 51 साल बाद भारतीय ओपनर ने दोहराया
IND vs ENG: यशस्वी जायसवाल ने मैनचेस्टर में रचा इतिहास, 51 साल बाद भारतीय ओपनर ने दोहराया

मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने टीम इंडिया को शानदार शुरुआत दिलाई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जायसवाल ने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 94 रन जोड़े। राहुल के आउट होने के बाद भी यशस्वी जायसवाल ने रुकने का नाम नहीं लिया और ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर दमदार पारी खेलकर इतिहास रच दिया। जायसवाल ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया जो पिछले 50 सालों में इस मैदान पर कोई भी भारतीय ओपनर नहीं कर पाया।

यशस्वी जायसवाल की ऐतिहासिक पारी

यशस्वी ने मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 58 रनों की अहम पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 107 गेंदों का सामना किया। उन्होंने 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से अपनी पारी को यादगार बना दिया। उनकी इस पारी ने न सिर्फ भारतीय पारी को मजबूती दी, बल्कि एक खास रिकॉर्ड भी बना दिया। यशस्वी पिछले 51 सालों में ओल्ड ट्रैफर्ड में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन गए।

मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान हमेशा से ही बल्लेबाजों के लिए एक चुनौती रहा है। तेज़ और उछाल भरी पिच पर इंग्लिश गेंदबाज़ों का सामना करना कोई आसान काम नहीं है। लेकिन यशस्वी जायसवाल ने अपनी पारी से सबका दिल जीत लिया। जायसवाल से पहले इस मैदान पर बतौर भारतीय ओपनर सुनील गावस्कर ने अर्धशतक लगाया था। लेकिन सुनील गावस्कर ने यह कारनामा 1974 में किया था। यानी जायसवाल ने 51 साल बाद यह कारनामा दोहराया है।

इंग्लैंड के खिलाफ 1000 रन

यशस्वी जायसवाल ने इस पारी के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैचों में 1000 रन भी पूरे किए। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 1 शतक और 2 दोहरे शतक लगाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने 5 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने ये रन 66.86 की औसत से बनाए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक केवल 2089 रन बनाए हैं, जिनमें से आधे उन्होंने अकेले इंग्लैंड के खिलाफ बनाए हैं।

Share this story

Tags