आईसीसी टी20 रैंकिंग: ईशान ने लगाई 32 पायदान की छलांग, नंबर-1 ऑलराउंडर बने सैम अयूब
नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने आईसीसी मेंस टी20 रैंकिंग में 32 पायदान की जबरदस्त छलांग लगाई है, जबकि पाकिस्तान के सैम अयूब ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।
ईशान किशन को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के साथ लंबे वक्त बाद भारतीय टीम में स्थान मिला। उन्होंने सीरीज के तीन मुकाबलों में 76, 28 और 103 रन की पारी खेली। कुल 207 रन बनाने के साथ ईशान ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक भी लगाया। इस शानदार बल्लेबाजी के साथ ईशान टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले 32वें स्थान पर पहुंच गए।
बल्लेबाजों की सूची में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव भी पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पछाड़कर छठे स्थान पर आ गए हैं। वहीं, ओपनर अभिषेक शर्मा टॉप पर अपना दबदबा बनाए हुए हैं।
इस बीच, पाकिस्तान के ओपनर सैम अयूब ने हाल ही में खत्म हुई ऑस्ट्रेलिया सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद टी20 फॉर्मेट की ऑलराउंडर रैंकिंग में टॉप स्थान हासिल किया है। 23 वर्षीय अयूब ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सीरीज में 119 रन बनाने के साथ 3 विकेट भी हासिल किए। उन्होंने इस शानदार खेल के साथ जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा को पछाड़कर शीर्ष स्थान पर कब्जा जमा लिया है।
गेंदबाजों की रैंकिंग में पाकिस्तान के मुख्य स्पिनर, अबरार अहमद महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए। यह दाएं हाथ का गेंदबाज शीर्ष पायदान पर मौजूद वरुण चक्रवर्ती से सिर्फ 28 अंक पीछे है।
पाकिस्तान के ऑलराउंडर, मोहम्मद नवाज, जिन्होंने सीरीज में 5 विकेट लिए, गेंदबाजों की रैंकिंग में आठ स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के लेग-स्पिनर आदिल राशिद दो स्थान ऊपर चढ़कर चौथे पायदान पर आ गए हैं। कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर आठ स्थान ऊपर चढ़कर रैंकिंग में 23वें स्थान पर पहुंच गए।
टॉप 10 बल्लेबाजों की सूची में भी अन्य बदलाव हुए। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका ने पांचवां स्थान हासिल कर लिया है। न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट नौवें स्थान और साउथ अफ्रीका के ओपनर रयान रिकलेटन 42 पायदान ऊपर चढ़कर 40वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी

