Samachar Nama
×

ICC के नए नियम: बल्लेबाज की गलती पर 5 रन से लेकर पिंक बॉल ट्रायल तक, क्रिकेट में हुए 8 बड़े बदलाव
 

ICC के नए नियम: बल्लेबाज की गलती पर 5 रन से लेकर पिंक बॉल ट्रायल तक, क्रिकेट में हुए 8 बड़े बदलाव

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने क्रिकेट के नियमों में 8 अहम बदलाव किए हैं। नए नियम पुरुष, महिला और जूनियर क्रिकेट में लागू होने वाले हैं। इनमें बल्लेबाज के समय बर्बाद करने पर पेनल्टी रन, दिन के टेस्ट में पिंक बॉल के ट्रायल और रन आउट-स्टंपिंग से जुड़े नियमों में बदलाव शामिल हैं।
नए नियम 1 अक्टूबर 2026 या उसके बाद शुरू होने वाली इंटरनेशनल सीरीज पर लागू होंगे। जो सीरीज पहले से चल रही हैं, उनमें पुराने नियम ही जारी रहेंगे।

1. बल्लेबाज की तीसरी गलती पर मिलेंगे 5 पेनल्टी रन
अब बल्लेबाज को गेंद खेलने के लिए तय समय के भीतर तैयार रहना होगा। अगर बल्लेबाज समय पर तैयार नहीं होता है, तो पहली गलती पर अंपायर चेतावनी देगा। दूसरी बार फाइनल वार्निंग मिलेगी। तीसरी बार गलती होने पर फील्डिंग टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाएंगे।
2. डे टेस्ट में भी पिंक बॉल का ट्रायल
ICC ने दिन में खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में पिंक बॉल के इस्तेमाल का ट्रायल शुरू करने का फैसला किया है। इसका उद्देश्य खराब रोशनी के कारण खेल रुकने की स्थिति को कम करना है।
हालांकि, टेस्ट शुरू होने से पहले दोनों टीमों की सहमति जरूरी होगी। एक बार पिंक बॉल से खेलने का फैसला होने के बाद मुकाबले के दौरान गेंद को बदला नहीं जा सकेगा।
3. पुरुष और महिला क्रिकेट में अलग होगी गेंद
पुरुष और महिला क्रिकेट के लिए गेंद के वजन और आकार की अलग-अलग सीमा तय की गई है। पुरुषों की गेंद का वजन 156 से 163 ग्राम और साइज 22.4 से 22.9 सेंटीमीटर होगा।
वहीं, महिला क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली गेंद का वजन 142 से 149 ग्राम और साइज 21.5 से 22 सेंटीमीटर होगा।
4. ओवरथ्रो के नियम में बदलाव
अगर कोई फील्डर जानबूझकर गेंद को स्टंप की ओर फेंककर रन रोकने या रन आउट करने की कोशिश करता है और गेंद आगे निकल जाती है, तो इसे ओवरथ्रो माना जाएगा।
वहीं, गेंद को रोकने या दूसरे फील्डर तक पहुंचाने के दौरान हुई सामान्य मिसफील्ड को ओवरथ्रो नहीं माना जाएगा।
5. रन आउट और स्टंपिंग में गेंद पर कंट्रोल जरूरी
अब रन आउट या स्टंपिंग के लिए सिर्फ गेंद को हाथ या ग्लव से छू लेना पर्याप्त नहीं होगा। फील्डर या विकेटकीपर के पास गेंद पर पूरा नियंत्रण होना जरूरी होगा।
अगर विकेटकीपर ने गेंद को सिर्फ छुआ और उसी दौरान गिल्लियां गिर गईं, तो केवल गेंद के संपर्क में आने के आधार पर बल्लेबाज को आउट नहीं दिया जाएगा।
6. आखिरी ओवर में विकेट गिरने से तुरंत खत्म नहीं होगा दिन का खेल
टेस्ट मैच में दिन के आखिरी ओवर के दौरान विकेट गिरने पर खेल अपने आप खत्म नहीं होगा। अगर ओवर की कुछ गेंदें बाकी हैं और मौसम तथा मैदान की स्थिति खेल के लिए उपयुक्त है, तो बची हुई गेंदें उसी दिन कराई जाएंगी।
मसलन, अगर आखिरी ओवर में तीन गेंद बाकी हैं और विकेट गिरता है, तो परिस्थितियां सही होने पर शेष गेंदें उसी दिन फेंकी जाएंगी।
7. टी-20 में 15 मिनट का इंटरवल, कोच को भी मैदान पर आने की अनुमति
टी-20 इंटरनेशनल में अब 15 मिनट का तय इंटरवल होगा। अगर मुकाबले के दौरान पहले ही समय का नुकसान हो चुका है, तो इंटरवल को घटाकर 10 मिनट किया जा सकता है।
इसके अलावा वनडे और टी-20 मैचों में हेड कोच ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मैदान पर आ सकता है।
8. लेग साइड वाइड के लिए गेंद के समय बैटर की पोजिशन अहम होगी
वनडे और टी-20 में लेग साइड वाइड से जुड़े नियम को भी स्पष्ट किया गया है। अगर बल्लेबाज गेंद फेंके जाने से पहले अपनी पोजिशन बदलता है, तो गेंद डाले जाने के समय उसके पैरों की स्थिति को आधार माना जाएगा।
गेंद फेंके जाने के बाद बल्लेबाज की मूवमेंट को वाइड तय करने का आधार नहीं बनाया जाएगा।
इन बदलावों के साथ ICC ने खेल के दौरान समय की बर्बादी, गेंद के इस्तेमाल, ओवरथ्रो, आउट होने की प्रक्रिया और वाइड से जुड़े नियमों को और स्पष्ट किया है।
 

Share this story

Tags