'टीम इंडिया के साथ हमेशा खड़ा हूं', वीडियो में जाने सूर्यकुमार यादव ने वायरल बयान को बताया फर्जी; वैभव सूर्यवंशी को दी डेब्यू की बधाई
सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस कथित बयान का खंडन किया है, जिसमें दावा किया जा रहा था कि वह टीम से बाहर किए जाने और कप्तानी छीने जाने से नाराज हैं। पूर्व टी-20 कप्तान ने साफ कहा कि यह बयान पूरी तरह फर्जी है और उन्होंने ऐसा कोई बयान कभी नहीं दिया। मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि वह हमेशा भारतीय टीम के साथ खड़े हैं और टीम को अपना पूरा समर्थन देते रहेंगे
।
वैभव सूर्यवंशी को दी इंटरनेशनल डेब्यू की शुभकामनाएं
सूर्यकुमार यादव ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने पर बधाई भी दी। उन्होंने लिखा कि वैभव अपने शानदार क्रिकेट सफर की शुरुआत कर रहे हैं और उन्हें हर पल का आनंद लेना चाहिए।उन्होंने युवा खिलाड़ी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह इसी तरह देश का नाम रोशन करते रहें और भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
वायरल बयान पर दी सफाई
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक कथित बयान तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें कहा गया था कि सूर्यकुमार यादव कप्तानी छिनने और टीम से बाहर किए जाने से नाराज हैं।इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सूर्यकुमार ने कहा कि इंटरनेट पर उनके नाम से जो बयान साझा किया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया और लोगों से अपील की कि बिना पुष्टि की गई खबरों पर भरोसा न करें और उन्हें आगे साझा करने से बचें।
'कोई कड़वाहट नहीं, टीम को पूरा समर्थन'
सूर्यकुमार यादव ने अपने संदेश में कहा कि कप्तानी जाने या टीम से बाहर होने को लेकर उनके मन में किसी तरह की नाराजगी या कड़वाहट नहीं है।उन्होंने लिखा कि भारतीय टीम का हर खिलाड़ी देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहा है और वह सभी खिलाड़ियों के साथ हैं। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया की सफलता ही सबसे महत्वपूर्ण है और वह हमेशा खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते रहेंगे।
नेतृत्व में बदलाव के बाद आई थीं अटकलें
टी-20 विश्व कप 2026 के बाद भारतीय टीम के नेतृत्व में बदलाव किया गया था। इसके बाद श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया। इसी दौरान सूर्यकुमार यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी टीम में जगह नहीं मिली थी।
इन घटनाक्रमों के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब सूर्यकुमार यादव ने खुद सामने आकर सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है।उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि भारतीय टीम के लिए उन्हें गर्व है और वह सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हैं। साथ ही उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें।

