Samachar Nama
×

'हम मानसिक तौर पर उनसे जुड़े हुए हैं, उनका अनुभव महत्वपूर्ण', पैरा शूटर्स ने की जेपी नौटियाल को एशियन गेम्स में भेजने की मांग

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के पैरा शूटर्स ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मुख्य कोच जेपी नौटियाल को टीम के साथ जापान भेजने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि वह मानसिक तौर पर कोच से जुड़े हुए हैं और अंतिम समय में यह बदलाव करने का फैसला बिल्कुल भी ठीक नहीं है।

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत के पैरा शूटर्स ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में मुख्य कोच जेपी नौटियाल को टीम के साथ जापान भेजने की मांग की है। खिलाड़ियों का कहना है कि वह मानसिक तौर पर कोच से जुड़े हुए हैं और अंतिम समय में यह बदलाव करने का फैसला बिल्कुल भी ठीक नहीं है।

दरअसल, जापान में एशियन पैरा गेम्स में हिस्सा लेने के लिए जाने वाले भारत के शूटिंग दल से अंतिम समय पर जेपी नौटियाल का नाम हटा दिया गया है। इसको लेकर खासतौर पर पैरा शूटर्स और यहां तक कोचों ने भी नाराजगी जाहिर की है।

'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए पैरा राइफल शूटर राकेश ने कहा, "मुख्य कोच के होने से पूरी टीम को काफी सपोर्ट रहता है। हम उनके साथ इतने दिनों से मेहनत कर रहे हैं और मेरे लिए तो खासतौर पर वह मेंटर हैं। हम मानसिक तौर पर उनके साथ जुड़े हुए हैं। शूटिंग एक मेंटल गेम है। हम इस फैसले के चलते मानसिक तौर पर परेशान हो रहे हैं। हम सोमवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) भी गए थे, लेकिन वहां से अभी तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। हमारी मांग है कि हमारे मुख्य कोच को हमारे साथ जाने दिया जाए, ताकि टीम का भला हो जाए।"

बोलने और सुनने में असक्षम पैरा शूटर भक्ति शर्मा की बहन सुधा ने बताया कि जेपी नौटियाल भक्ति के कोच हैं और उनके न जाने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जेपी नौटियाल भक्ति की सांकेतिक भाषा को समझते हैं और अगर वह साथ में जापान नहीं जाएंगे, तो फाइनल में पैरा शूटर को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। सुधा शर्मा ने कहा कि जेपी नौटियाल की गैरमौजूदगी में भक्ति के लिए इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना मुश्किल हो जाएगा और इससे मेडल की संख्या पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि कम से कम पैरा एशियन गेम्स के लिए मुख्य कोच को जाने दिया जाएगा वरना खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो जाएगी।

पैरा शूटर सृष्टि अरोड़ा ने 'आईएएनएस' को बताया, "दिक्कत बस इतनी है कि कैंप अच्छा चल रहा था, लेकिन अचानक अंतिम समय में यह बदलाव करना कि मुख्य कोच नहीं जाएंगे, हमारे लिए निराशाजनक है। हमारे चीफ कोच जेपी नौटियाल हमेशा काफी सपोर्ट करते रहे हैं। आखिरी समय में इस तरह का बदलाव करना हमारे लिए बहुत डिमोटिवेट करने वाला है। मुख्य कोच जेपी नौटियाल के पास पहले पैरा एशियन गेम्स और इसके साथ ही कई बड़े इंटरनेशनल टूर्नामेंट्स का काफी अनुभव है, जो हमारे काम आएगा। टूर्नामेंट के दौरान अगर हमें कोई भी दिक्कत आती है, तो उनका अनुभव हमारे लिए काफी काम आएगा।"

वहीं, पैरा शूटिंग कोच पवित्र ने भी जेपी नौटियाल को टीम के साथ जापान भेजने की मांग की। उन्होंने कहा, "हमारे मुख्य कोच जेपी नौटियाल पर आरोप लगाए गए हैं, लेकिन हम टीम के साथ जुड़े हैं और अभी कोई भी आरोप सिद्ध नहीं हुआ है। नौटियाल जी के नेतृत्व में सभी खिलाड़ी अच्छी ट्रेनिंग कर रहे हैं। आज उनकी माताजी आईसीयू में भर्ती हैं, इसके बावजूद वह खिलाड़ियों को ट्रेनिंग देकर गए हैं। उन्होंने हमारा हौसला बढ़ाया और कहा कि मैं जाऊं या न जाऊं, लेकिन हमें भारत के लिए मेडल लेकर आना है। हमें अपने एथलीट्स को हमेशा आगे रखना है। अगर उन्हें कोई दिक्कत आती है, तो सबसे पहले अधिकारियों और कोच को उनके साथ खड़ा होना चाहिए। हमारे एथलीट को हमें छोटी सी समस्या भी नहीं आने देनी है।"

उन्होंने बताया कि सभी पैरा शूटर्स से इस बार मेडल की उम्मीद है। पवित्र ने कहा कि जेपी नौटियाल के पास 12 साल का अनुभव मौजूद है और उनका अनुभव खिलाड़ियों के साथ-साथ कोचों के भी काम आएगा। उन्होंने सरकार और भारतीय पैरालंपिक समिति से नौटियाल को टीम के साथ जाने देने की मांग की।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags