Samachar Nama
×

‘गर्मजोशी भरा और यादगार पल’, आईओए अध्यक्ष पी.टी. उषा ने पीएम मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे उज्ज्वल भी मौजूद थे।
‘गर्मजोशी भरा और यादगार पल’, आईओए अध्यक्ष पी.टी. उषा ने पीएम मोदी से की मुलाकात

नई दिल्ली, 24 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे उज्ज्वल भी मौजूद थे।

पी.टी. उषा ने इस मुलाकात को “गर्मजोशी भरा और यादगार पल” बताते हुए प्रधानमंत्री के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा के लिए आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ऐसे पल हमेशा दिल के करीब रहते हैं।

इससे पहले, स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजेएफआई) के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उषा ने कहा कि भारत खेलों के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण दौर में पहुंच चुका है, जहां बेहतर बुनियादी ढांचा, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और मजबूत संस्थागत समर्थन खिलाड़ियों को मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी और 2036 ओलंपिक लाने का लक्ष्य भारत के खेल भविष्य के प्रति बढ़ते आत्मविश्वास को दर्शाता है।

उषा ने कहा कि ऐसे वैश्विक आयोजनों की मेजबानी से न केवल भारत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा, बल्कि खेल ढांचे के विकास को भी गति मिलेगी और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले एक दशक में भारत में खेलों को समर्थन देने और उन्हें बढ़ावा देने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है। अब खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग मिल रहा है।

सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए उषा ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ जैसे कार्यक्रमों ने देशभर में युवा प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags