Samachar Nama
×

आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

अहमदाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में उन्होंने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।
आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने

अहमदाबाद, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया। महज 15 साल और 65 दिन की उम्र में उन्होंने यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।

राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 16 पारियों में 776 रन बनाए। फाइनल में गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल और उनके साथी बल्लेबाज साई सुदर्शन इस आंकड़े को पार नहीं कर सके, जिसके बाद सूर्यवंशी के नाम ऑरेंज कैप पक्की हो गई।

राजस्थान रॉयल्स का सफर क्वालीफायर-2 में समाप्त हो गया था, लेकिन तब तक सूर्यवंशी इतने रन बना चुके थे कि कोई भी बल्लेबाज उन्हें पीछे नहीं छोड़ पाया। गिल ने टूर्नामेंट का समापन 732 रन के साथ किया, जबकि पिछले सीजन के ऑरेंज कैप विजेता साई सुदर्शन 722 रन ही बना सके।

वहीं, विराट कोहली ने फाइनल मुकाबले के बाद कुल 675 रन के साथ चौथे स्थान पर सीजन समाप्त किया। वह भी सूर्यवंशी के रिकॉर्ड से काफी पीछे रहे।

इस उपलब्धि के साथ सूर्यवंशी ने उम्र से जुड़ा एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने का रिकॉर्ड साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2025 में 23 वर्ष 231 दिन की उम्र में यह सम्मान हासिल किया था।

सिर्फ रनों की संख्या ही नहीं, बल्कि उनका खेलने का अंदाज भी पूरे सीजन चर्चा का विषय बना रहा। बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने 237.31 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

सूर्यवंशी ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक छक्कों का नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

इस सीजन उन्होंने कई और उपलब्धियां भी हासिल कीं। सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे कम गेंदों में 1,000 करियर रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने यह मुकाम केवल 440 गेंदों में हासिल किया और आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

पारियों के लिहाज से भी उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में 1,000 रन पूरे किए, जो आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे तेज रिकॉर्ड है। इस मामले में केवल शॉन मार्श उनसे आगे हैं, जिन्होंने 21 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।

सूर्यवंशी का यह सीजन और भी ऐतिहासिक हो सकता था। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एक शतक लगाया, लेकिन तीन बार 90 के पार पहुंचकर भी शतक से चूक गए। उन्होंने 93, 97 और 96 रन की पारियां खेलीं, जिससे वह एक सीजन में चार शतक लगाने के कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी नहीं कर सके।

इसके बावजूद आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़ी खोज और सबसे चर्चित खिलाड़ी बनकर उभरे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी, निरंतरता और निडर अंदाज ने उन्हें टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण बना दिया। भारतीय क्रिकेट को अब एक ऐसा युवा सितारा मिल गया है, जिसकी उड़ान अभी शुरू ही हुई है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags