Samachar Nama
×

चैंपियंस लीग: आरबी लाइपजिग के खिलाफ विनीसियस की वापसी, मोरिन्हो ने कहा-किसी की जगह पक्की नहीं

मैड्रिड, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड के मुख्य कोच जोस मोरिन्हो ने कहा है कि ब्राजीलियाई स्टार विंगर विनीसियस जूनियर बुधवार को आरबी लाइपजिग के खिलाफ होने वाले यूईएफए चैंपियंस लीग मुकाबले में शुरुआती एकादश का हिस्सा होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी टीम में किसी भी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं है।

मैड्रिड, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। रियल मैड्रिड के मुख्य कोच जोस मोरिन्हो ने कहा है कि ब्राजीलियाई स्टार विंगर विनीसियस जूनियर बुधवार को आरबी लाइपजिग के खिलाफ होने वाले यूईएफए चैंपियंस लीग मुकाबले में शुरुआती एकादश का हिस्सा होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी टीम में किसी भी खिलाड़ी की जगह पक्की नहीं है।

विनीसियस जूनियर निलंबन के कारण रविवार को सेविला के खिलाफ ला लीगा मैच में नहीं खेल सके थे। उन्हें विलारियल के खिलाफ रेड कार्ड मिलने के बाद चार मैचों का प्रतिबंध झेलना पड़ रहा है। इसी वजह से वह आगामी एल क्लासिको समेत लीग के तीन और मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे।

सेविला के खिलाफ विनीसियस की गैरमौजूदगी में रियल मैड्रिड ने सीजन का शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बाद सवाल उठ रहे थे कि क्या मोरिन्हो उन्हें सीधे प्लेइंग इलेवन में वापस लाएंगे। इस पर उन्होंने कहा, "कल विनीसियस लेफ्ट विंग पर खेलेंगे।"

वहीं, गर्मियों में लाइपजिग से रियल मैड्रिड में शामिल हुए यान डियोमांडे को लेकर मोरिन्हो ने ज्यादा खुलासा नहीं किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी खुद भी नहीं जानता कि वह बुधवार को खेलेगा या नहीं।

मोरिन्हो ने यह भी कहा कि टीम में कोई खिलाड़ी अछूत या अपरिहार्य नहीं होता। उन्होंने कहा, "इस फुटबॉल क्लब में सिर्फ क्लब का प्रतीक चिन्ह अछूत है। किसी खिलाड़ी को अछूत मानने की अवधारणा मुझे पसंद नहीं है। खिलाड़ी का प्रदर्शन ही उसे खास बनाता है।"

युवा स्ट्राइकर कार्लोस एस्पी को किलियन एम्बाप्पे के साथ उतारने की संभावना पर मोरिन्हो ने कहा कि ऐसा करना आसान नहीं है। उन्होंने माना कि दोनों एक साथ खेल सकते हैं, लेकिन इसके लिए 4-2-4 फॉर्मेशन अपनाना पड़ सकता है।

उन्होंने कहा, "ऐसी व्यवस्था में मुझे नहीं लगता कि हम जीत पाएंगे।" मोरिन्हो ने बताया कि वह विंगर्स के साथ संतुलित आक्रमण को प्राथमिकता देते हैं।

चैंपियंस लीग में टीम के लक्ष्य पर बात करते हुए मोरिन्हो ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करना है। इसके बाद टीम शीर्ष आठ में जगह बनाने की कोशिश करेगी ताकि प्लेऑफ राउंड से बचा जा सके।

उन्होंने कहा, "सबसे पहले हमें क्वालीफिकेशन के लिए आवश्यक 11-12 अंक हासिल करने होंगे। उसके बाद शीर्ष आठ में जगह बनाने के लिए पर्याप्त अंक जुटाने होंगे। अभी काफी काम बाकी है।"

--आईएएनएस

वीसी

Share this story

Tags