Samachar Nama
×

तिरुपति बालाजी पहुंचे हार्दिक पंड्या, मुंडन कर भगवान वेंकटेश्वर के किए दर्शन; वीडियो में जाने गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी रहीं साथ

तिरुपति बालाजी पहुंचे हार्दिक पंड्या, मुंडन कर भगवान वेंकटेश्वर के किए दर्शन; वीडियो में जाने गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी रहीं साथ

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या रविवार को आंध्र प्रदेश स्थित तिरुमाला के श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर (तिरुपति बालाजी) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में हार्दिक सिर मुंडवाए हुए नजर आए। उनके साथ उनकी कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा भी मौजूद थीं।दर्शन के दौरान हार्दिक और माहिका दोनों पारंपरिक सफेद परिधान में दिखाई दिए। मंदिर में दोनों ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा की और भगवान वेंकटेश्वर का आशीर्वाद लिया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

तिरुपति बालाजी मंदिर में श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर या भगवान के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए मुंडन (बाल दान) कराते हैं। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां अपने बाल दान करते हैं। मंदिर प्रशासन इन बालों की नीलामी करता है और उससे प्राप्त आय का उपयोग मंदिर के संचालन, धर्मार्थ कार्यों और विभिन्न सामाजिक योजनाओं में किया जाता है।हार्दिक पंड्या इन दिनों चोट से उबर रहे हैं और मैदान पर वापसी की तैयारी कर रहे हैं। आईपीएल 2026 के बाद से वह लगातार चोट के कारण प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। पहले उन्हें पीठ में अकड़न की समस्या हुई थी, जिसके बाद जांघ की चोट ने उनकी वापसी में और देरी कर दी।

आईपीएल 2026 में हार्दिक ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी। हालांकि, उनकी अगुआई में पांच बार की चैंपियन टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद चोट के कारण वह भारतीय टीम से भी बाहर रहे और फिलहाल फिटनेस हासिल करने के लिए रिहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि हार्दिक जल्द पूरी तरह फिट होकर मैदान पर वापसी करेंगे। वहीं, तिरुपति में उनके दर्शन और मुंडन की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है। कई प्रशंसकों ने इसे उनकी आस्था और जल्द स्वस्थ होकर वापसी की कामना से जोड़कर देखा है।

Share this story

Tags