Samachar Nama
×

'हम चुप नहीं बैठेंगे', पाकिस्तान को ब्लाइंड एशिया कप का इकलौता चैंपियन घोषित करने पर भड़का सीएबीआई

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच बारिश के कारण धुल जाने के बाद पाकिस्तान को मेंस ब्लाइंड एशिया कप 2026 का इकलौता चैंपियन घोषित करने के फैसले की क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) ने शुक्रवार को कड़ी निंदा की है। सीएबीआई ने मांग की है कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता माना जाए।

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच बारिश के कारण धुल जाने के बाद पाकिस्तान को मेंस ब्लाइंड एशिया कप 2026 का इकलौता चैंपियन घोषित करने के फैसले की क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) ने शुक्रवार को कड़ी निंदा की है। सीएबीआई ने मांग की है कि दोनों टीमों को संयुक्त विजेता माना जाए।

सीएबीआई का आरोप है कि यह फैसला अधिकारियों के अनुचित हस्तक्षेप से प्रभावित था। उसका दावा है कि वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (डब्ल्यूबीसीसी) की तकनीकी समिति ने पहले दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में इस फैसले को बदलकर पाकिस्तान के पक्ष में कर दिया गया।

एसोसिएशन का कहना है कि टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार, अगर फाइनल मैच टाई हो जाता है (या नतीजा नहीं निकलता है), तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जा सकता है।

सीएबीआई के अनुसार, टूर्नामेंट के तकनीकी नियमों की धारा 27 विशेष रूप से फाइनल मैच के टाई होने की स्थिति से निपटती है और इस धारा के दोनों वाक्य ऐसी ही स्थिति का जिक्र करते हैं। सीएबीआई ने बताया कि उन्होंने इस नियम की अपनी व्याख्या डब्ल्यूबीसीसी की तकनीकी समिति के सामने रखी थी, जिस पर समिति ने पहले भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता मानने के लिए सहमति भी दे दी थी।

हालांकि, एसोसिएशन का आरोप है कि तकनीकी समिति के निदेशक और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (पीबीसीसी) के अध्यक्ष ने बाद में मैच रेफरी और अंपायरों पर दबाव डाला, जिससे पाकिस्तान के पक्ष में फैसला सुनाया गया और समिति का शुरुआती समझौता पलट दिया गया।

सीएबीआई ने इसे एक अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के नतीजों के साथ छेड़छाड़ करने की 'अस्वीकार्य कोशिश' करार दिया है। इसके साथ ही, उन्होंने इस फैसले की प्रक्रिया की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और ईमानदारी पर भी सवाल उठाए हैं। सीएबीआई के चेयरमैन और समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड के संस्थापक मैनेजिंग ट्रस्टी, डॉ. महांतेश जी. किवाडासन्नवर ने कहा, "यह एक शर्मनाक फैसला है और भारतीय टीम के साथ सरासर अन्याय है। जब तकनीकी समिति पहले ही दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित करने पर सहमत हो गई थी, तो पाकिस्तान को फायदा पहुंचाने के लिए उस फैसले को कैसे पलटा जा सकता है? इस तरह की हरकतें हेरफेर, अनुचित तरीकों और अंतरराष्ट्रीय ब्लाइंड क्रिकेट की ईमानदारी पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "संदिग्ध फैसलों और पर्दे के पीछे की चालों के जरिए चैंपियनशिप जीतना खेल की उत्कृष्टता नहीं है। यह क्रिकेट की भावना के साथ धोखा है। खिताब मैदान पर जीतकर हासिल किया जाना चाहिए, न कि चालाकी भरी रणनीतियों या अधिकारियों के साथ हेरफेर करके।"

किवाडासन्नवर ने स्पष्ट किया कि भारत, पाकिस्तान को एकमात्र चैंपियन घोषित किए जाने को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि डब्ल्यूबीसीसी तुरंत तकनीकी समिति के शुरुआती फैसले को बरकरार रखे।

उन्होंने कहा, "हम बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि भारत केवल तकनीकी समिति के उस शुरुआती फैसले को स्वीकार करेगा, जिसमें भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। हम पाकिस्तान को एशिया कप 2026 का एकमात्र चैंपियन नहीं मानेंगे। हमारी मांग है कि मूल फैसले को तुरंत बहाल किया जाए। जब ​​हमारे खिलाड़ियों को वह सम्मान नहीं दिया जाएगा जिसके वे हकदार हैं, तो हम चुप नहीं बैठेंगे।"

भारत इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरा था, क्योंकि उसने 2016 में आयोजित पहले मेंस ब्लाइंड क्रिकेट एशिया कप का खिताब जीता था। बुधवार को ढाका में मेजबान बांग्लादेश के खिलाफ आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज करके भारत फाइनल में पहुंचा। भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 123/7 पर रोका था और फिर 124 रनों के लक्ष्य को महज 13.2 ओवरों में हासिल कर लिया था।

लीग चरण के दौरान भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एक विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में मौजूदा चैंपियन के पास खिताबी मुकाबले में उस हार का बदला लेने का मौका था। सीएबीआई ने कहा कि भारतीय टीम ने अपने प्रदर्शन के दम पर फाइनल में जगह बनाई है और टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार उसे उचित सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वे इस फैसले को चुनौती देने के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे। उन्होंने दोहराया कि चैंपियनशिप का परिणाम पारदर्शी और निष्पक्ष खेल प्रक्रियाओं के जरिए ही तय होना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story