गेरहार्ड इरास्मस ने रचा इतिहास, नामीबिया की तरफ से वनडे क्रिकेट में खेली सबसे बड़ी पारी
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। नामीबिया और आयरलैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इस मुकाबले में इतिहास रच दिया है।
गेरहार्ड इरास्मस नामीबिया की तरफ से वनडे क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 125 गेंदों का सामना करते हुए 156 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस इनिंग में इरास्मस ने 124 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 14 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्होंने इस मामले में जीन-पियरे कोटेज को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 2019 में अमेरिका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 136 रनों की शानदार पारी खेली थी।
गेरहार्ड इरास्मस की यादगार पारी के बूते नामीबिया ने आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 321 रन बनाए। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लॉरेन स्टीनकैम्प बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। माइकल वैन लिंगेन 31 गेंदों का सामना करने के बाद 22 रन बनाकर आउट हुए। 49 के स्कोर पर 2 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही नामीबिया की पारी को कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने संभाला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए जेन फ्रीलिंग संग मिलकर 135 गेंदों में 117 रनों की शानदार साझेदारी निभाई।
फ्रीलिंग ने 90 गेंदों का सामना करते हुए 76 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए। जैन निकोल लॉफ्टी-ईटन बल्ले से कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और 15 रन बनाकर आउट हुए। जेन ग्रीन सिर्फ 3 रन ही बना सके। एलेक्जेंडर वोल्शेंक ने 20 गेंदों में 30 रन बनाए। इरास्मस ने वोल्शेंक के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए महज 40 गेंदों में 92 जोड़े। आयरलैंड की तरफ से गेंदबाजी में गेविन होए ने 10 ओवर में 53 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

