Samachar Nama
×

गांधीनगर: वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तीसरे अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026-27 का आगाज

गांधीनगर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। देश भर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बीच खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को अहमदाबाद के नारनपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'तीसरे अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026–27' की शुरुआत हुई। गुजरात पुलिस की तरफ से आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने किया।

गांधीनगर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। देश भर की पुलिस और अर्धसैनिक बलों के बीच खेल भावना, शारीरिक फिटनेस और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को अहमदाबाद के नारनपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 'तीसरे अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026–27' की शुरुआत हुई। गुजरात पुलिस की तरफ से आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने किया।

देश भर से आए खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत करते हुए राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट की मेजबानी करना पूरे पुलिस परिवार के लिए गर्व की बात है। केरल और उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा शुरू की गई परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, इसमें 10 केंद्रीय पुलिस संगठनों, 24 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों की 38 टीमों की भागीदारी 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को दर्शाती है। उन्होंने यह भी बताया कि 251 महिला खिलाड़ियों की भागीदारी न केवल उनके खेल कौशल को दिखाती है, बल्कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रति उनके समर्पण को भी उजागर करती है।

पुलिस सेवा में खेलों के महत्व पर बात करते हुए, राज्य पुलिस प्रमुख ने कहा कि कठिन और तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच, खेल पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से मजबूत रहने में मदद करते हैं। खेल-कूद से धैर्य, टीम भावना और दबाव में सही फैसले लेने की क्षमता विकसित होती है, जिससे पुलिसकर्मी अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य केवल पदक जीतना ही नहीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों और संगठनों के पुलिस बलों के बीच दोस्ती, एकता और आपसी तालमेल को बढ़ावा देना भी है।

खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए, ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने आग्रह किया कि वे अपने राज्य और पुलिस बल के सम्मान के लिए पूरे उत्साह के साथ प्रतिस्पर्धा करें, अपनी वर्दी की गरिमा के अनुरूप अनुशासन बनाए रखते हुए अंपायरों के फैसलों का सम्मान करें और खेल भावना को सर्वोपरि रखें। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है; या तो कोई जीतता है या फिर कुछ नया सीखता है। उन्होंने आयोजन समिति, विभिन्न प्रबंधन समितियों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की और टूर्नामेंट को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

गुजरात पुलिस की ओर से देश भर से आए खिलाड़ियों, टीम प्रबंधकों, कोचों, तकनीकी अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सशस्त्र इकाइयां) पीयूष पटेल ने टूर्नामेंट की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में 38 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें कुल 1,152 खिलाड़ी बैडमिंटन और टेबल टेनिस में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

राज्य पुलिस प्रमुख द्वारा टूर्नामेंट की औपचारिक शुरुआत की घोषणा के बाद, ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना को बनाए रखने की शपथ ली। इस अवसर पर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

गौरतलब है कि 19 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में 1,152 अधिकारी और कर्मी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 890 पुरुष और 272 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। खेल के मैदान में पद या रैंक के अंतर को भुलाकर, 463 राजपत्रित (गजटेड) अधिकारी और 699 गैर-राजपत्रित (नॉन-गजटेड) अधिकारी कंधे से कंधा मिलाकर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और अपना खेल कौशल दिखा रहे हैं। मेजबान गुजरात के अलावा, इस टूर्नामेंट में महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, केरल, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, झारखंड, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, उत्तराखंड और ओडिशा के साथ-साथ विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भी भाग ले रही हैं। इस आयोजन में केंद्रीय बलों और इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी), सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ और बीएसएफ जैसे संगठनों की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं।

'तीसरे अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर 2026–27' के उद्घाटन समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों में डीजीपी (सीआईडी क्राइम और रेलवे) के. एल. एन. राव, इंटेलिजेंस ब्यूरो के अतिरिक्त निदेशक राजीव अहीर, अहमदाबाद पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सशस्त्र इकाइयां) पीयूष पटेल और आईजी (प्रशासन) गगनदीप गंभीर शामिल थे। इस अवसर पर गुजरात पुलिस, इसके विभिन्न विभागों और देश भर के पुलिस बलों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

--आईएएनएस

आरएसजी/डीकेपी

Share this story