Samachar Nama
×

गॉल में 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी टीम इंडिया, इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया ही हासिल कर सके हैं यह ऐतिहासिक मुकाम

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ होने वाला पहला टेस्ट भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक होगा। शुभमन गिल की कप्तानी में शनिवार (15 अगस्त) को टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेगी।

नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ होने वाला पहला टेस्ट भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक होगा। शुभमन गिल की कप्तानी में शनिवार (15 अगस्त) को टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेगी।

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की महज तीसरी टीम बनेगी। भारत से पहले यह उपलब्धि इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के नाम दर्ज है।

क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है, जिन्होंने इस फॉर्मेट में अब तक 1,097 मैच खेले हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया 882 मैचों के साथ इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर है। भारतीय टीम ने अब तक 599 टेस्ट मैच खेले हैं और वह इस सूची में तीसरे नंबर पर है। वहीं, वेस्टइंडीज 596 टेस्ट मैचों के साथ चौथे नंबर पर काबिज है।

गॉल में भारतीय टीम ने अब तक कुल 5 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि 3 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं, श्रीलंका की सरजमीं पर भारत ने कुल 24 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान टीम को 9 मुकाबलों में जीत मिली है, तो 7 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है।

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। गिल का हालिया फॉर्म काफी शानदार रहा है। वहीं, राहुल के पास श्रीलंका में खेलने का अनुभव है। रवींद्र जडेजा बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने वॉर्मअप मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है।

नंबर तीन की पोजीशन पर देवदत्त पडिक्कल ने वॉर्मअप मैच में 142 रनों की नाबाद पारी खेली थी। गेंदबाजी में कुलदीप, जडेजा और मानव सुथार की स्पिन जोड़ी श्रीलंकाई बल्लेबाजों की परीक्षा लेती नजर आएगी। तेज गेंदबाजी की कमान मोहम्मद सिराज के हाथों में होगी और उनका साथ प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार में से कोई एक देता हुआ दिखाई देगा।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story