फीफा वर्ल्ड कप: 'हम पहले हाफ में खराब खेले', अमेरिका के खिलाफ मिली हार पर बोले ऑस्ट्रेलियाई कोच पोपोविक
सिएटल, 20 जून (आईएएनएस)। फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप डी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को अमेरिका के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के लिए ऑस्ट्रेलियाई कोच टोनी पोपोविक ने टीम के पहले हाफ के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया है।
तुर्किये को पहले मुकाबले में 2-0 से हराने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरी थी। हालांकि, सिएटल में हुए इस मैच में अमेरिका के तेज और आक्रामक खेल के आगे ऑस्ट्रेलिया की टीम ज्यादातर समय दबाव में नजर आई। मैच के 11वें मिनट में ही अमेरिका ने 1-0 की बढ़त हासिल की। फोलारिन बालोगुन के क्रॉस को रोकने की कोशिश में ऑस्ट्रेलियाई डिफेंडर कैमरन बर्गेस से गेंद टकराकर अपने ही गोल में चली गई, जिससे अमेरिका को शुरुआती बढ़त मिल गई।
इसके बाद, पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले एलेक्स फ्रीमैन ने एक और गोल करके अमेरिका की बढ़त को 2-0 कर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन टीम अमेरिका के डिफेंस को भेदने में नाकाम रही। दूसरे हाफ में ऑस्ट्रेलिया ने बेहतर प्रदर्शन किया। टीम ने ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर भी बेहतर नियंत्रण बनाया। हालांकि,अमेरिका की टीम ने अपनी बढ़त को बनाए रखा और लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अमेरिका ने नॉकआउट स्टेज में अपनी जगह पक्की की।
मैच के बाद कोच टोनी पोपोविक ने कहा कि उनकी टीम पहले हाफ में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। उन्होंने माना कि अमेरिका की ताकत, स्पीड और शारीरिक खेल का उनकी टीम पर असर पड़ा। पोपोविक ने कहा, "हम पहले हाफ में दूसरी गेंदों और चैलेंज जीतने में संघर्ष करते रहे। हम हर बॉल पर थोड़े धीमे थे और मैच का मोमेंटम नहीं बना पाए। हमने कुछ आसान गोल दिए और उस समय हम फीके दिखे।"
उन्होंने कहा कि दूसरे हाफ में टीम ने बेहतर खेल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया के कोच ने हाफ टाइम के दौरान तीन खिलाड़ियों को बदला और वह इस बदलाव से मिले नतीजे से खुश नजर आए। कोच ने कहा, "दूसरे हाफ में हमारी प्रतिक्रिया अच्छी थी। खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और बेहतर खेल दिखाया।"
इस हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के दो मैचों में तीन अंक हैं और अब 25 जून को पैराग्वे के खिलाफ टीम अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी। यह मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी अहम होगा, क्योंकि नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें इसी मैच पर निर्भर करेंगी। कोच पोपोविक ने कहा कि हार से सीख लेकर टीम को अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा, "हमें इस हार से उबरना होगा। इस मुकाबले में अपने प्रदर्शन से सीख लेनी होगी और अगले मैच के लिए तैयार रहना होगा।"
--आईएएनएस
एसएम/एएस

