फीफा विश्व कप: 'मेसी जब तक खेलेंगे, सभी उनके पीछे रहेंगे', पूर्व फुटबॉलर मेहताब हुसैन का बयान
कोलकाता, 28 जून (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप 2026 का आयोजन यूएसए, मेक्सिको और कनाडा में संयुक्त रूप से हो रहा है। भारतीय टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है, लेकिन फुटबॉल के दीवाने शहर कोलकाता में विश्व कप का खुमार देखने को मिल रहा है। कोलकाता में फैंस रात-रात भर जागकर विश्व कप के मैच देख रहे हैं।
कोलकाता में फीफा विश्व कप कार्निवल का आयोजन हुआ, जिसमें कई पूर्व भारतीय क्रिकेटर और फैंस शामिल हुए। कार्निवल के दौरान फैंस विश्व कप के खुमार में झूमते हुए नजर आ रहे थे।
पूर्व भारतीय फुटबॉलर मेहताब हुसैन ने आईएएनएस से कहा, "मेसी इस विश्व कप में हर रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वह अपने करियर के सबसे अच्छे सीजन में से एक का मजा ले रहे हैं। इस विश्व कप में कई प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं—किलियन एम्बाप्पे, बुकायो साका, डेक्लान राइस और विनीसियस जूनियर सभी बहुत अच्छे हैं, लेकिन जब तक मेसी खेल रहे हैं, बाकी सब उनके पीछे ही रहेंगे।"
पूर्व भारतीय फुटबॉलर सैयद रहीम नबी ने कहा, "कोलकाता और पूरे बंगाल में मेसी का बुखार है। मेसी जहां भी होते हैं, वहां उत्साह होता है। मैं निजी तौर पर अर्जेंटीना का फैन हूं। मैच चाहे कितनी भी देरी से हो, हम मेसी को खेलते देखने के लिए जागते रहते हैं।"
आलोक मुखर्जी ने कहा, "मेसी का प्रदर्शन बहुत अच्छा है। मेसी बहुत फिट हैं, उनके पास स्किल है, और स्किल कभी समाप्त नहीं होती। फुटबॉल टीम गेम है, और 11 में 8 खिलाड़ी हमेशा दौड़ रहे होते हैं। विश्व कप कौन सी टीम जीतेगी, इसकी भविष्यवाणी करना बहुत मुश्किल है।"
उन्होंने कहा, "भारत में फुटबॉल को अच्छा बनाने के लिए इसे हर स्कूल में एक विषय की तरह जरूरी बनाना होगा।"
विश्वजीत भट्टाचार्या ने कहा कि इस बार फ्रांस और अर्जेंटीना अच्छा खेल रहे हैं। मेसी को देखना सुखद है। वह फुटबॉल के गॉड है।
--आईएएनएस
पीएके

