फैंस के विरोध के आगे झुका लिवरपूल, टिकट महंगे करने का बदला प्लान
लिवरपूल, 7 मई (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबॉल क्लब लिवरपूल ने अपने फैंस के भारी विरोध के बाद टिकट की कीमतें बढ़ाने के फैसले में बड़ा बदलाव किया है। क्लब ने पहले अगले तीन सीजन में टिकट की कीमतें बढ़ाने की योजना बनाई थी, लेकिन समर्थकों के विरोध के बाद क्लब ने अपने कदम अब वापस पीछे खींच लिए हैं।
हाल ही में एनफील्ड स्टेडियम में हुए मुकाबलों के दौरान कई फैंस बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे थे। उन्होंने क्लब के खिलाफ नारे लगाए और टिकट महंगे करने के फैसले का विरोध किया।
फैंस का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम समर्थकों के लिए मैच देखना मुश्किल हो जाएगा। क्लब ने शुरुआत में कहा था कि महंगाई और स्टेडियम चलाने की बढ़ती लागत के कारण टिकट की कीमतें बढ़ाना जरूरी है। हालांकि, विरोध बढ़ने के बाद क्लब प्रबंधन ने सपोर्टर्स बोर्ड के साथ बातचीत की और अपने फैसले में बदलाव किया।
लिवरपूल ने अब घोषणा की है कि 2026-27 सीजन के लिए सामान्य एडमिशन टिकटों की कीमतों में सिर्फ 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके बाद 2027-28 सीजन में टिकट की कीमतें नहीं बढ़ेंगी। क्लब ने अपने बयान में कहा कि वह फैंस के साथ मिलकर लंबे समय का ऐसा समाधान ढूंढना चाहता है, जिससे भविष्य में बार-बार टिकट महंगे न करने पड़ें। इसके लिए क्लब नए कमर्शियल आइडिया और दूसरे आर्थिक विकल्पों पर भी विचार करेगा।
लिवरपूल ने यह भी माना कि क्लब की लागत लगातार बढ़ रही है और भविष्य में फिर से टिकट की कीमतें बढ़ाने की जरूरत पड़ सकती है। क्लब ने कहा कि अगर कोई दूसरा मजबूत समाधान नहीं मिला, तो 2028-29 सीजन में दोबारा महंगाई के हिसाब से कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं।
क्लब का कहना है कि उसका उद्देश्य एक तरफ फैंस के लिए टिकटों को किफायती बनाए रखना है और दूसरी तरफ टीम को दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों के बीच प्रतिस्पर्धी बनाए रखना भी है। फिलहाल लिवरपूल का ध्यान मैदान पर अपने प्रदर्शन पर भी है। टीम इस समय प्रीमियर लीग की अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। क्लब का अगला मुकाबला शनिवार को चेल्सी एफसी के खिलाफ होगा, जिस पर फैंस की नजरें टिकी हुई हैं।
--आईएएनएस
एसएम/एबीएम

