इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज के लिए अनकैप्ड पैटरसन-व्हाइट को चुना, बेथेल की वापसी
लंदन, 9 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज के लिए पहली बार बाएं हाथ के स्पिनर लियाम पैटरसन-व्हाइट को टीम में चुना है। वहीं, घुटने की चोट से उबरने के बाद बैटिंग ऑलराउंडर जैकब बेथेल की वापसी हुई है।
मौजूदा आईसीसीवर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप विजेता साउथ अफ्रीका के खिलाफ यह सीरीज 17 दिसंबर से जोहान्सबर्ग में शुरू होगी। यह इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच के रूप में स्टीफन फ्लेमिंग का पहला असाइनमेंट भी होगा।
बेथेल फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के साथ हैं और 29 नवंबर को सिडनी में चौथे टी20 मैच के तुरंत बाद टेस्ट टीम से जुड़ जाएंगे। पैटरसन-व्हाइट को नॉटिंघमशायर के लिए शानदार सीजन खेलने के बाद चुना गया है। उन्होंने काउंटी चैंपियनशिप में 25.11 की औसत से 42 विकेट लिए, जो डिवीजन वन में किसी भी स्पिनर द्वारा लिए गए सर्वाधिक विकेट हैं। इसके अलावा, उन्होंने एक शतक भी लगाया। टेस्ट टीम में कोई स्पेशलिस्ट स्पिनर नहीं है, इसलिए पैटरसन-व्हाइट को कप्तान जो रूट, डैन लॉरेंस और बेथेल जैसे पार्ट-टाइम स्पिन गेंदबाजों का साथ मिलेगा।
चयनकर्ताओं ने समरसेट के जैक लीच को भी टीम में नहीं चुना है। बाएं हाथ के स्पिनर लीच ने अक्टूबर 2024 में अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। तेज गेंदबाज जोश टंग, अपने दूसरे बच्चे के जन्म के समय मौजूद रहने के लिए पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। वहीं, सैम करन अपनी शादी के कारण उपलब्ध नहीं हैं।
इस बीच, तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को दोनों 'लायंस' टीमों में शामिल किया गया है और उन्हें टेस्ट टीम के लिए कवर के तौर पर बुलाया जा सकता है।
टेस्ट टीम के छह सदस्य - सैम कुक, एमिलियो गे, लॉरेंस, पैटरसन-व्हाइट, ओली रॉबिन्सन और जेमी स्मिथ - जो 'व्हाइट-बॉल' (सीमित ओवरों के) दौरे का हिस्सा नहीं हैं, वे लायंस टीम के साथ जल्दी रवाना होंगे। ये खिलाड़ी 25 नवंबर से पीटरमैरिट्सबर्ग में शुरू होने वाले तैयारी कैंप में हिस्सा लेंगे।
जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सोनी बेकर, बेन डकेट और रूट ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज के बाद घर लौटेंगे और फिर 2 दिसंबर को साउथ अफ्रीका के लिए उड़ान भरेंगे। हैरी ब्रूक और जॉर्डन कॉक्स, चौथे टी20 मैच के बाद सिडनी से सीधे बेथेल के साथ साउथ अफ्रीका जाएंगे। इंग्लैंड की टीम डरबन के किंग्समीड में 9 से 11 दिसंबर तक सीएसए इलेवन के खिलाफ एक वार्म-अप मैच भी खेलेगी।
जोहान्सबर्ग में सीरीज के पहले मैच के बाद, दूसरा टेस्ट 26 दिसंबर से सेंचुरियन पार्क में आयोजित होगा, जबकि तीसरा टेस्ट 3 से 7 जनवरी तक केप टाउन के न्यूलैंड्स में खेला जाना है। इंग्लैंड लायंस, जो 26 नवंबर से 21 दिसंबर तक साउथ अफ्रीका में रहेगी, वो साउथ अफ्रीका 'ए' के खिलाफ तीन 50-ओवर के मुकाबले और दो चार-दिवसीय मैच खेलेंगे।
50-ओवरों के मैच 1 दिसंबर को पीटरमैरिट्सबर्ग में, जबकि 4 और 6 दिसंबर को पार्ल के बोलैंड पार्क में खेले जाएंगे। चार-दिवसीय मैच 10 से 13 दिसंबर तक प्रिटोरिया के टक्स क्रिकेट ओवल में और 18 से 21 दिसंबर तक बेनोनी के विलोमूर पार्क में होंगे।
इंग्लैंड की टेस्ट टीम: जो रूट (कप्तान), जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सोनी बेकर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, लियाम पैटरसन-व्हाइट, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ, जोश टोंग।
इंग्लैंड लायंस की रेड-बॉल टीम: शोएब बशीर, ब्रायडन कार्स, जेम्स कोल्स, मेसन क्रेन, हेनरी क्रोकॉम्ब, मैथ्यू फिशर, जैक हेन्स, जॉर्ज हिल, एडी जैक, बेन मेस, बेन मैकिनी, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, जेम्स रेव, थॉमस रेव, मिच स्टेनली, ओली सेंट।
--आईएएनएस
आरएसजी

