Samachar Nama
×

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से किया संन्यास का ऐलान

लंदन, 22 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वुड इंग्लैंड की दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।

लंदन, 22 सितंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। वुड इंग्लैंड की दो बार विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।

वुड ने साल 2015 में लॉर्ड्स के मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 38 टेस्ट मैच खेले और इस दौरान 19 विकेट चटकाए। वहीं, 70 वनडे मुकाबलों में वुड ने 80 विकेट निकाले जबकि 38 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उन्होंने कुल 54 विकेट चटकाए।

वुड साल 2019 में इंग्लैंड की वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। इसके साथ ही जोस बटलर की कप्तानी में साल 2022 में टी20 विश्व कप जीतने वाली इंग्लिश टीम में भी वुड शामिल रहे। 36 साल के वुड ने चार एशेज सीरीज में हिस्सा लिया और 2015 में अपनी पहली सीरीज के दौरान ट्रेंट ब्रिज में ट्रॉफी वापस पाने के लिए इंग्लैंड की ओर से निर्णायक विकेट लिया था। 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हेडिंग्ले में उनके शानदार स्पेल ने भी इंग्लैंड को 2-0 से पिछड़ने के बाद वापसी करने और सीरीज ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाई।

इंग्लैंड को 2019 में वनडे विश्व कप जिताने में वुड ने अहम किरदार निभाया और उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 18 विकेट निकाले। फाइनल में मांसपेशियों में खिंचाव होने के बावजूद वह पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी करते रहे थे। मार्क वुड ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर लिखा, "मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। हालांकि, पिछले साल को देखते हुए यह कोई हैरानी की बात नहीं हो सकती लेकिन मेरे कॉन्ट्रैक्ट के अंत में यह एक स्वाभाविक समय लगता है। मैंने हमेशा मजबूत बने रहने और चोट से वापसी करके लोगों को गलत साबित करने और सबको यह दिखाने की कोशिश की है कि मैं क्या कर सकता हूं। मेडिकल सलाह के अनुसार, टेस्ट क्रिकेट और 50 ओवर का क्रिकेट खेलना संभव नहीं है, इसलिए पिछले एक साल में इंग्लैंड के लिए खेलने का सपना धीरे-धीरे मुझसे दूर होता गया।"

उन्होंने लिखा, "इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान और एक सपना सच होने जैसा रहा है। मेरे अंदर का छोटा बच्चा इंग्लैंड के लिए इतना ज्यादा खेलने पर बहुत खुश होगा। दुनियाभर में घूमना, शानदार लोगों से मिलना और बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ और उनके खिलाफ क्रिकेट खेलना- ये सब करना मेरे लिए बहुत सौभाग्य की बात है और मैंने हमेशा इसे पसंद किया है।"

इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की वुड के रिटायरमेंट पर कहा, "एक शानदार करियर के आखिरी दौर को देखना सम्मान की बात रही है। एशेज सीरीज और दो वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाना और जब भी उनके हाथ में गेंद आई तो दर्शकों का रोमांच बढ़ाना- ऐसी उपलब्धियां बहुत कम खिलाड़ी हासिल कर पाते हैं। वे अपने शानदार करियर पर गर्व कर सकते हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story