Samachar Nama
×

दुनिया में इमरान के लिए बहुत सम्मान, उन्होंने पाकिस्तान को बहुत कुछ दिया: मियांदाद

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने मुल्क के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में आवाज उठाई है, जो फिलहाल रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं।

नई दिल्ली, 29 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद ने मुल्क के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थन में आवाज उठाई है, जो फिलहाल रावलपिंडी की अडियाला जेल में बंद हैं।

'नैरेटिव्स' पॉडकास्ट पर मियांदाद ने याद दिलाया कि इमरान ने पाकिस्तान को बहुत कुछ दिया है। मियांदाद ने कहा, "दुनिया में इमरान के लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने पाकिस्तान को बहुत कुछ दिया है। हमें इस बारे में सोचना चाहिए। हमें पुरानी कड़वाहट भुला देनी चाहिए। वह पूर्व प्रधानमंत्री हैं। अल्लाह न करे, अगर जेल में उन्हें कुछ हो जाए, तो पूरा पाकिस्तान रोएगा। उस समय, सब पूछेंगे कि उन्होंने इमरान के साथ ऐसा क्यों किया। बस उन्हें रिहा कर दें; इससे आपको क्या फर्क पड़ता है? अगर हममें से किसी एक के साथ ऐसा हो सकता है, तो हम सब परेशान होंगे। अगर मेरे भाई के साथ ऐसा हो रहा हो, तो जाहिर है कि मैं परेशान होऊंगा।"

मियांदाद ने कहा कि वह हर वक्त इमरान के बारे में सोचते हैं और उनके साथ जो हो रहा है, वह उसके हकदार नहीं हैं। मियांदाद ने रोते हुए कहा, "मैं प्रार्थना करता हूं कि उनके साथ जो हो रहा है उसका समाधान हो जाए, क्योंकि वह इसके हकदार नहीं हैं। उनके साथ जो किया जा रहा है, वह सही नहीं है। यह गैर-जरूरी है, उनका परिवार भी है। मैं हर समय इस बारे में सोचता हूं कि वह (जेल में) क्या कर रहे होंगे, क्या सोच रहे होंगे। हम बहुत करीबी थे। हम साथ रहते थे और एक-दूसरे के बारे में बहुत सोचते थे। हमने पाकिस्तान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया था। इस बात से मुझे बहुत दुख होता है।"

1980 और 1990 के दशक में इमरान और मियांदाद पाकिस्तान टीम के अहम खिलाड़ी थे। उन्होंने साल 1992 में अपना एकमात्र वनडे वर्ल्ड कप का खिताब भी जीता। दोनों ने साथ में काउंटी क्रिकेट भी खेला है।

मियांदाद ने इमरान के साथ अपनी कड़वी दुश्मनी की बातों को खारिज करते हुए कहा, "मेरे और इमरान के बीच कोई दुश्मनी नहीं थी। हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं हुआ। मैंने कभी शिकायत नहीं की कि इमरान ने मेरे साथ कुछ गलत किया। मेरा करियर बहुत अच्छा रहा, जिसके लिए मैं बहुत शुक्रगुजार हूं। इमरान और मैंने साथ में काउंटी क्रिकेट भी खेला; हम साल के आधे से ज्यादा समय साथ रहते थे, या तो काउंटी क्रिकेट में या पाकिस्तान टीम के साथ। हमने साथ में बहुत अच्छा समय बिताया।"

हाल ही में, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज खिलाड़ी ग्रेग चैपल और मौजूदा ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने इमरान का समर्थन किया है और जेल में पूर्व कप्तान के साथ किए जा रहे व्यवहार पर चिंता जताई थी। चैपल की ओर से पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेजी गई याचिका में सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर के भी हस्ताक्षर हैं। इसमें पाकिस्तानी अधिकारियों से खान को परिवार से मिलने की इजाजत देने और स्वतंत्र मेडिकल जांच कराने की अपील की गई है।

हस्ताक्षर करने वालों ने तीन मुख्य मांगें रखीं हैं। इनमें सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बने मेडिकल बोर्ड से व्यापक स्वास्थ्य जांच (जिसमें खान के निजी डॉक्टर भी शामिल हों), परिवार से हर हफ्ते बिना किसी रुकावट के मिलने का अधिकार, और सुझाए गए किसी भी मेडिकल इलाज को तुरंत लागू करना शामिल है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story