Samachar Nama
×

दिलीप ट्रॉफी: नॉर्थ जोन की 15-सदस्यीय टीम का ऐलान, कन्हैया वाधावन को मिली टीम की कमान

नई दिल्ली, 3 अगस्त (आईएएनएस)। दिलीप ट्रॉफी का आगामी सीजन 23 अगस्त से 10 सितंबर के बीच बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में खेला जाएगा, जिससे पहले नॉर्थ जोन चयन समिति ने सोमवार को 15 सदस्यीय टीम घोषित की। जम्मू-कश्मीर के विकेटकीपर-बल्लेबाज कन्हैया वाधावन को नॉर्थ जोन टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि दिल्ली के बैटिंग ऑलराउंडर आयुष बडोनी उप-कप्तान चुने गए हैं।

नॉर्थ जोन की टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव और घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का मिश्रण है। वाधावन के साथ बल्लेबाजी की मुख्य जिम्मेदारी संभालने वालों में उनके राज्य के साथी कामरान इकबाल और बड़े शॉट खेलने वाले अब्दुल समद शामिल हैं। कामरान इकबाल ने हुबली में कर्नाटक के खिलाफ फाइनल में नाबाद 160 रन बनाए थे, जिससे जम्मू-कश्मीर ने अपना पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जीता था।

अन्य प्रमुख बल्लेबाजों में दिल्ली के आयुष डोसेजा और सनत संगवान का नाम है, जिन्होंने 2025/26 रणजी ट्रॉफी में क्रमशः 950 और 848 रन बनाए थे। देश को अपनी कप्तानी में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 का खिताब जिताने वाले यश ढुल को भी इस टीम में शामिल किया गया है।

स्पिन गेंदबाजी विभाग में, आयुष बडोनी का साथ हरियाणा के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर निशांत सिंधु, ऑफ-स्पिनर निखिल कश्यप, बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक और सर्विसेज के अर्जुन शर्मा देंगे। वहीं, तेज गेंदबाजी विभाग में भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और अंशुल कंबोज की मौजूदगी से टीम को काफी मजबूती मिलेगी। अन्य तेज गेंदबाजों में जम्मू-कश्मीर की तेज गेंदबाजी जोड़ी युद्धवीर सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं।

आगामी दिलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन अपने अभियान की शुरुआत 23 अगस्त से करेगा। नॉर्थ जोन बेंगलुरु के बीसीसीआई सीओई ग्राउंड 1 पर ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली वेस्ट जोन टीम के खिलाफ मैच में उतरेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम सेमीफाइनल में तिलक वर्मा की कप्तानी वाली साउथ जोन से भिड़ेगी।

नॉर्थ जोन की टीम: सनत सांगवान, कामरान इकबाल, यश ढुल, आयुष दोसेजा, अब्दुल समद, आयुष बडोनी (उप-कप्तान), कन्हैया वाधावन (कप्तान), निशांत सिंधु, अर्जुन शर्मा, आबिद मुश्ताक, अर्शदीप सिंह, सुनील कुमार, अंशुल कंबोज, युद्धवीर सिंह और निखिल कश्यप।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story