Samachar Nama
×

धोनी की फिनिशिंग और स्टंपिंग को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे: नूर अहमद

दुबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के स्पिनर नूर अहमद ने बताया है कि उनके लिए महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलना एक 'सपने' जैसा था। उन्होंने पूर्व कप्तान के साथ बिताए अपने समय को याद किया है।

दुबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के स्पिनर नूर अहमद ने बताया है कि उनके लिए महेंद्र सिंह धोनी के साथ खेलना एक 'सपने' जैसा था। उन्होंने पूर्व कप्तान के साथ बिताए अपने समय को याद किया है।

अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को 5 आईपीएल खिताब जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने हाल ही में आईपीएल से संन्यास लिया है। अहमद ने सीएसके और धोनी के साथ दो साल बिताए हैं। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में सीएसके ने उन्हें 10 करोड़ रुपए में अपने साथ शामिल किया था। इससे पहले वह दो साल तक गुजरात टाइटंस (जीटी) के लिए खेले थे। सीएसके ने उन्हें 2027 सीजन के लिए भी रिटेन किया है।

अफगानी स्पिनर अब इंटरनेशनल लीग (आईएल) टी20 के सीजन 5 में दुबई कैपिटल्स की तरफ से खेलते नजर आएंगे, जिसकी शुरुआत शनिवार से हो रही है। इस दौरान उन्होंने धोनी के साथ बिताए समय को याद करते हुए उनके मैच फिनिश करने के तरीके और स्टंपिंग की तारीफ की।

अहमद ने 'आईएएनएस' से ​​कहा, "हां, यह बहुत शानदार था; उनके (धोनी) साथ खेलना एक सपने जैसा था। दुर्भाग्य से, वह अब और नहीं खेलेंगे, लेकिन वह इस खेल के एक दिग्गज हैं। उनकी स्टंपिंग और मैच फिनिश करने के अंदाज को सब लंबे समय तक याद रखेंगे। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मुझे खुशी है कि वह अभी भी एक मेंटॉर के रूप में हमारे साथ जुड़े हुए हैं।"

उन्होंने बताया कि धोनी की ओर से उन्हें मिली 'सबसे सरल और बेहतरीन सलाह' यह थी कि अपने करियर में चीजों को जितना हो सके, उतना सरल रखें। उन्होंने आगे कहा, "हां, धोनी से मिली सबसे सरल और बेहतरीन सलाह यही थी कि क्रिकेट में चीजों को जितना हो सके उतना सरल रखें। नतीजों के बारे में न सोचें, बस उन चीजों पर ध्यान दें जो आपके नियंत्रण में हैं।"

अहमद दुनिया भर की फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग में काफी व्यस्त रहे हैं। उन्होंने आईपीएल के अलावा, आईपीएलटी20, एसए20, 'द हंड्रेड' और मेजर लीग क्रिकेट जैसी कई लीग खेली हैं।

फ्रेंचाइजी क्रिकेट के दौरान कई सीनियर और युवा खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने के अनुभव पर बात करते हुए, अहमद ने कहा कि उनके साथ रहना हमेशा एक खास एहसास होता है। उन्होंने कहा, "हां, सीनियर खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना हमेशा बहुत अच्छा होता है, और साथ ही ऐसे खिलाड़ियों के साथ भी जो फ्रेंचाइजी लीग में बिल्कुल नए हैं। आप सीनियर खिलाड़ियों से कुछ सीख सकते हैं, और टीम के जूनियर खिलाड़ियों को अपना अनुभव बता सकते हैं; इसलिए अलग-अलग तरह के खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना हमेशा शानदार होता है।"

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags