Samachar Nama
×

317 रन बनाने के बाद भी हारी इंडिया-A, श्रीलंका ने 8 विकेट से जीतकर फाइनल में बनाई जगह

317 रन बनाने के बाद भी हारी इंडिया-A, श्रीलंका ने 8 विकेट से जीतकर फाइनल में बनाई जगह

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में इंडिया-A को श्रीलंका-A के खिलाफ 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 317 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्ष्य को 41.3 ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ने टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है।

तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। वैभव सूर्यवंशी ने भी 27 गेंदों में 40 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। अभिषेक ने 78, तिलक ने 53 और शाहबाज ने 54 रन बनाए। इन पारियों की मदद से इंडिया-A ने निर्धारित ओवरों में 317 रन का स्कोर बनाया।

श्रीलंकाई ओपनर्स ने भारत से छीना मैच

318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-A की शुरुआत बेहद शानदार रही। सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 174 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। लसिथ क्रॉसपुल ने 107 गेंदों में 116 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

दूसरे ओपनर सिनेथ ने भी आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 70 गेंदों में 105 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल थे। शाहबाज अहमद ने 22वें ओवर में जयवर्धने को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। हालांकि, तब तक श्रीलंका मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी।

इसके बाद क्रॉसपुल ने निशान मदुष्का के साथ 91 रनों की साझेदारी की। क्रॉसपुल का विकेट 265 रन के स्कोर पर गिरा, लेकिन तब तक मुकाबला लगभग भारत के हाथों से निकल चुका था।

भारतीय गेंदबाज विकेट लेने के लिए तरसे

बड़े लक्ष्य का बचाव करते हुए भारतीय गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सके। हर्षित राणा ने 7 ओवर में 61 रन देकर एक विकेट लिया। अरशद खान ने 4 ओवर में 46 रन खर्च किए, जबकि तनुष कोटियान ने 6 ओवर में 48 रन दिए।

हर्ष दुबे ने 10 ओवर में 56 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। शाहबाज अहमद ने 10 ओवर में 60 रन देकर एक सफलता हासिल की। श्रीलंका की ओर से निशान मदुष्का 58 और कप्तान पवन रत्नायके 31 रन बनाकर नाबाद रहे। टीम ने 41.3 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

पाकिस्तान-A और बांग्लादेश-A के बीच दूसरा सेमीफाइनल

टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल शुक्रवार, 27 नवंबर को पाकिस्तान-A और बांग्लादेश-A के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले की विजेता टीम रविवार को होने वाले फाइनल में श्रीलंका-A से भिड़ेगी। इंडिया-A की हार के साथ ही टूर्नामेंट में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया है।

Share this story

Tags