डेनमार्क के क्रिश्चियन नॉरगार्ड ने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास की घोषणा की
कोपेनहेगन, 12 मई (आईएएनएस)। डेनमार्क के क्रिश्चियन नॉरगार्ड ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। यह फैसला उन्होंने टीम के आगामी फीफा विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहने के बाद लिया है। विश्व 11 जून से शुरू होगा।
32 साल के क्रिश्चियन नॉरगार्ड ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से अपने संन्यास की जानकारी दी। नॉरगार्ड ने स्वीकार किया कि वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई न कर पाना उनके इस फैसले में एक बड़ी वजह रहा। इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने से पहले वह आखिरी बार डेनमार्क का प्रतिनिधित्व वैश्विक मंच पर करेंगे।
नॉरगार्ड ने अपने पोस्ट में लिखा, "मैंने नेशनल टीम छोड़ने का फैसला किया है। यह एक मुश्किल फैसला है, क्योंकि अपने साथियों और स्टाफ से मिलना-जुलना मुझे किसी भी चीज से ज्यादा पसंद है। लाल और सफेद जर्सी में, खचाखच भरे और उत्साह से लबरेज पार्केन स्टेडियम में मैच खेलना मुझे किसी भी चीज से ज्यादा पसंद है।"
नॉरगार्ड ने अपने ऊपर भरोसा जताने के लिए टीम के मैनेजर ब्रायन रीमर को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने लिखा, "मुझे ब्रायन रीमर से बहुत आत्मविश्वास मिला। मेरे लिए एक यादगार पल 2025 में पुर्तगाल के खिलाफ मिली जीत थी—जो पार्केन की उन जादुई शामों में से एक थी, जिसमें मैंने मिडफील्ड में नेतृत्व की भूमिका निभाई थी।"
नॉरगार्ड ने कहा कि पारिवारिक जिम्मेदारियां और युवा खिलाड़ियों का उभरना उनके इस फैसले पर असर डालने वाले मुख्य कारण हैं। मैं अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिताना चाहता हूं। वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई न कर पाने के बाद, अब यह स्वाभाविक लगता है कि उन प्रतिभाशाली और जोशीले युवा खिलाड़ियों के लिए जगह बनाई जाए, जिनकी डेनमार्क में अभी भी कोई कमी नहीं है।
उन्होंने कहा, "खिलाड़ियों, स्टाफ और फैन्स का शुक्रिया। डेनमार्क के लिए मेरा करियर अब खत्म हो चुका है। मैं एक फैन के तौर पर टीम को सपोर्ट करने का इंतजार कर रहा हूं।
डेनमार्क के लिए 41 मैच खेलने वाले नॉरगार्ड ने राष्ट्रीय टीम के लिए अपना आखिरी मैच प्राग में चेक गणराज्य के खिलाफ खेला था। अब वह अपना पूरा ध्यान आर्सेनल के साथ क्लब फुटबॉल पर देंगे।
--आईएएनएस
पीएके

