डेम्बेले ने जताया भरोसा, बैलन डी'ओर अवॉर्ड पर फिर होगा पीएसजी के खिलाड़ी का कब्जा
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। पीएसजी के स्टार खिलाड़ी उस्मान डेम्बेले को उम्मीद है कि बैलन डी'ओर पुरस्कार इस बार भी क्लब के पास ही रहेगा। उन्हें भरोसा है कि अगले महीने लंदन में जब विजेता की घोषणा होगी, तब यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) के किसी खिलाड़ी को ही मिलेगा।
बैलन डी'ओर के मौजूदा विजेता फ्रांस के खिलाड़ी ने कहा कि यह पुरस्कार जीतने के बाद लोगों का ध्यान उनकी ओर काफी बढ़ गया है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि अगली बार भी यह सम्मान जीतने की कोशिश में वह पूरी तरह फोकस बनाए रखेंगे और सफलता के बावजूद विनम्र और जमीन से जुड़े रहेंगे।
डेम्बेले ने 2025 में बैलन डी'ओर जीता था। उस साल उन्होंने शानदार खेल दिखाते हुए सभी टूर्नामेंटों में 33 गोल किए और 15 गोल करने में मदद (असिस्ट) की थी। अब 2026 बैलन डी'ओर के लिए 30 खिलाड़ियों की लिस्ट जारी हो चुकी है, और पीएसजी का यह स्टार फॉरवर्ड एक बार फिर इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाने की रेस में शामिल है।
डेम्बेले ने 'फ्रांस फुटबॉल' से बात करते हुए उन चुनिंदा खिलाड़ियों के समूह में शामिल होने के अनुभव पर बात की जिन्होंने यह पुरस्कार जीता है। 'गोल डॉट कॉम' के अनुसार, उन्होंने कहा, "मैं शानदार खिलाड़ियों वाले एक बेहद खास परिवार का हिस्सा बन गया हूं। जब आप सड़क पर होते हैं या किसी रेस्टोरेंट में जाते हैं, तो लोग आपको बैलन डी'ओर विजेता के तौर पर पहचानते हैं। लोग आपसे इस ट्रॉफी के बारे में बात करते हैं। यही चीज बदलती है।"
ज़्यादा ध्यान मिलने के बावजूद, डेम्बेले ने कहा कि वह उसी व्यक्तित्व और मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिन्होंने उन्हें व्यक्तिगत फुटबॉल के शिखर तक पहुंचने में मदद की थी। उन्होंने कहा, "चाहे कुछ भी हो, मैं वही इंसान बने रहना चाहता हूं। मैं यह नहीं भूलना चाहता कि मैं कहां से आया हूं, और यह नहीं भूलना चाहता कि मेरे सभी साथियों ने निश्चित रूप से मुझे इतना अच्छा प्रदर्शन करने में मदद की है।"
डेम्बेले ने इस साल के पुरस्कार के लिए अपनी महत्वाकांक्षाओं को भी स्पष्ट किया, इसके साथ ही यह भी माना कि पुरस्कार के लिए मुकाबला अभी खुला हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा, "यह पीएसजी खिलाड़ी के हाथों में ही रहेगा। मैं एक प्रतिस्पर्धी हूं, इसलिए इसे दोबारा जीतना मेरा लक्ष्य है। हालांकि,, मैंने जैसा कहा कि मैं इसे कोई जुनून भी नहीं बना रहा हूं। हम खुद से कहते हैं कि इस साल यह मुश्किल होने वाला है, कि बैलन डी'ओर का फैसला अभी नहीं हुआ है, लेकिन देखते हैं क्या होता है।"
2026 के अवॉर्ड की दौड़ तेज होने के साथ ही डेम्बेले को 30 खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल कई बड़े नामों से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिनमें फ्रांस के ही उनके साथी खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे भी शामिल हैं। बैलोन डी'ओर समारोह 26 अक्टूबर को लंदन में आयोजित होने वाला है और डेम्बेले को उम्मीद है कि वह इस व्यक्तिगत सम्मान को सफलतापूर्वक बरकरार रखने वाले अगले खिलाड़ी बनेंगे।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

