Samachar Nama
×

डेब्यू मैच में ही महफिजुल इस्लाम के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड, 'गोल्डन डक' पर लौटे पवेलियन

जोहान्सबर्ग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश के लिए डेब्यू कर रहे महफिजुल इस्लाम पहली ही गेंद पर आउट हो गए। 'गोल्डन डक' पर आउट होने के साथ ही उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

जोहान्सबर्ग, 15 नवंबर (आईएएनएस)। साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के बीच जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश के लिए डेब्यू कर रहे महफिजुल इस्लाम पहली ही गेंद पर आउट हो गए। 'गोल्डन डक' पर आउट होने के साथ ही उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया।

चोटिल शादमान इस्लाम की जगह टीम में आए महफिजुल कगिसो रबाडा की पहली ही गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए। रबाडा की वह गेंद बाहर की तरफ निकल रही थी और महफिजुल शरीर से काफी दूर जाकर शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। महफिजुल ने अपने नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपने डेब्यू मैच की पहली ही गेंद पर आउट होने वाले पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी और कुल चौथे प्लेयर्स बन गए हैं।

उनसे पहले, अफगानिस्तान के अब्दुल मलिक 2021 में अबू धाबी टेस्ट में अपने डेब्यू पर पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। वहीं, साउथ अफ्रीका के जिमी कुक भी 1992 में भारत के खिलाफ डरबन टेस्ट में अपने डेब्यू पर पहली ही गेंद पर आउट हुए थे, जबकि वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर लियोन गैरिक 2001 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ किंग्स्टन टेस्ट में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे।

वहीं, रबाडा ने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर एक खास उपलब्धि हासिल की है। वह पुरुषों के टेस्ट मैच में पहली गेंद पर विकेट लेने वाले चौथे साउथ अफ्रीकी गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले बर्ट वोगलर, एलन डोनाल्ड और डेल स्टेन ने यह कारनामा किया था। बर्ट वोगलर ने 1907 में ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के टॉम हेवर्ड को पहली ही गेंद पर आउट किया था। एलन डोनाल्ड ने 2001 में किंग्स्टन टेस्ट में वेस्टइंडीज के गैरिक को पहली गेंद पर आउट करके यही कारनामा दोहराया था। इसके बाद 2010 के एक टेस्ट मैच में इंग्लैंड के एंड्रयू स्ट्रॉस को पहली ही गेंद पर आउट करके डेल स्टेन इस सूची में शामिल होने वाले तीसरे साउथ अफ्रीकी गेंदबाज बने थे।

टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन रबाडा ने मोमिनुल हक को भी पहली ही गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट करा दिया। इससे बांग्लादेश की टीम शुरुआत में ही मुश्किल में आ गई और उनका स्कोर 2 विकेट पर 2 रन हो गया। इसके बाद साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज ने नौवें ओवर में कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को भी आउट कर दिया, जिससे टीम का स्कोर 22/3 हो गया।

बांग्लादेश ने हसन महमूद, इबादोत हुसैन और तस्कीन अहमद के रूप में तीन तेज गेंदबाजों को शामिल किया है, जबकि मेहदी हसन मिराज उनके मुख्य स्पिनर हैं। उनके पास कई पार्ट-टाइम विकल्प भी मौजूद हैं। साउथ अफ्रीका ने अपनी प्लेइंग इलेवन में जुबैर हमजा और डेन पैटरसन को वापस शामिल किया है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में खेलने वाली टीम में उन्होंने दो बदलाव किए हैं। बांग्लादेश ने टेस्ट क्रिकेट में कभी भी साउथ अफ्रीका को नहीं हराया है। दोनों टीमों के बीच खेले गए 16 मैचों में से बांग्लादेश को 14 में हार मिली है, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे हैं।

--आईएएनएस

एसएम/वीसी

Share this story