Samachar Nama
×

अभिषेक की 15 गेंदों में फिफ्टी देख युवराज को आई अपने 12 गेंदों वाले रिकॉर्ड की याद, ऐसे की टांग खिंचाई

अभिषेक की 15 गेंदों में फिफ्टी देख युवराज को आई अपने 12 गेंदों वाले रिकॉर्ड की याद, ऐसे की टांग खिंचाई

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में अभिषेक शर्मा ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। उन्होंने महज 38 गेंदों में 113 रन ठोक दिए। अपनी इस पारी में अभिषेक ने 9 चौके और 11 छक्के लगाए। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और केवल 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि, अभिषेक की इस शानदार बल्लेबाजी के बावजूद उनके गुरु और पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर युवराज सिंह ने उनकी टांग खींचने का मौका नहीं छोड़ा।

युवराज ने अभिषेक को याद दिलाया अपना रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के बाद युवराज सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक मजेदार पोस्ट शेयर किया। उन्होंने अभिषेक को याद दिलाया कि वह अभी तक महज 12 गेंदों में अर्धशतक लगाने का उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए हैं।

बता दें कि भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है। उन्होंने 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में फिफ्टी पूरी की थी। इसी मुकाबले में युवराज ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार छह छक्के जड़कर इतिहास रच दिया था।युवराज ने अभिषेक की तारीफ करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा कि वह अब भी 12 गेंदों में 50 रन नहीं बना पाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे वे अपने घर के बैकयार्ड में आराम से बल्लेबाजी कर रहे हों।

199 रन का लक्ष्य भारत ने आसानी से किया हासिल

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 198 रन बनाए। टीम की ओर से डेरिल मिचेल ने शानदार प्रदर्शन किया और 52 गेंदों में नाबाद 89 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं, फिन एलन ने 25 गेंदों में 40 रन बनाए, जबकि बेवॉन जैकब्स ने 23 गेंदों में नाबाद 39 रन की पारी खेली।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और नितीश रेड्डी ने एक-एक विकेट हासिल किया।

अभिषेक और वैभव की साझेदारी ने पलट दिया मैच

199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए महज 43 गेंदों में 133 रन जोड़कर मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।अभिषेक ने 38 गेंदों में 113 रन बनाकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने सिर्फ 13.2 ओवर में 4 विकेट खोकर 199 रन बना लिए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 40 गेंद शेष रहते जीत दर्ज की।इस मुकाबले में जहां अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी ने क्रिकेट फैंस को रोमांचित कर दिया, वहीं युवराज सिंह की मजेदार प्रतिक्रिया भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।

Share this story

Tags