Samachar Nama
×

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 15 साल की उम्र में बने दुनिया के सबसे युवा T20 कप्तान; सूर्यकुमार ने 15 गेंदों में ठोकी फिफ्टी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 15 साल की उम्र में बने दुनिया के सबसे युवा T20 कप्तान; सूर्यकुमार ने 15 गेंदों में ठोकी फिफ्टी

भारत के घरेलू टी-20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 का आगाज शनिवार से हो गया है। टूर्नामेंट के पहले दिन कुल 19 मुकाबले खेले जा रहे हैं। पहले ही दिन युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी और भारतीय स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर लीं।

बिहार की कप्तानी कर रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने टी-20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में कप्तान बनने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वहीं, टीम इंडिया से बाहर चल रहे सूर्यकुमार यादव ने हैदराबाद के खिलाफ महज 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर मुंबई को शानदार जीत दिलाई।

15 साल 232 दिन की उम्र में वैभव बने सबसे युवा T20 कप्तान

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में बिहार की कमान वैभव सूर्यवंशी के हाथों में है। उन्होंने 15 साल और 232 दिन की उम्र में कप्तानी संभालकर टी-20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया।

इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रोएशिया के जैक वुकुसिक के नाम था। उन्होंने 7 अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी टीम की कप्तानी की थी। वैभव ने उनसे करीब दो साल कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है।

पहले भी शतक लगाकर बना चुके हैं रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी इससे पहले भी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रच चुके हैं। पिछले सीजन महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 58 गेंदों में शतक लगाया था। इस पारी के साथ वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे।

सूर्यकुमार यादव ने 15 गेंदों में जड़ी फिफ्टी, मुंबई को दिलाई जीत

कोलकाता में मुंबई और हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव का तूफानी अंदाज देखने को मिला। भारतीय टीम के पूर्व टी-20 कप्तान ने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।

सूर्यकुमार ने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत मुंबई ने हैदराबाद के 173 रन के लक्ष्य को केवल 13.1 ओवर में हासिल कर लिया। मुंबई ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम किया।

चंडीगढ़ ने बड़ौदा को 3 विकेट से हराया

टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में चंडीगढ़ ने बड़ौदा को 3 विकेट से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ौदा ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए।

बड़ौदा की ओर से शिवालिक शर्मा ने 45 रन बनाए, जबकि कप्तान क्रुणाल पंड्या 40 रन बनाकर नाबाद रहे। चंडीगढ़ की तरफ से भगमेंदर लाथर ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए। संदीप शर्मा, चिरागवीर धिंडसा और शिवम भांबरी को एक-एक सफलता मिली।

पुडुचेरी ने महाराष्ट्र को 15 रन से हराया

पुडुचेरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महाराष्ट्र को 15 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुडुचेरी की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 204 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

भानु आनंद और परमीश्वरन शिवरामन ने 46-46 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। वहीं, पुगाझेंडी आकाश ने केवल 14 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

पंजाब ने हरियाणा को 4 विकेट से दी मात

इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर पंजाब और हरियाणा के बीच मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 190 रन बनाए।

इसके जवाब में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन किया और 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पंजाब ने यह मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम किया।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के पहले दिन वैभव सूर्यवंशी का कप्तानी रिकॉर्ड और सूर्यकुमार यादव की विस्फोटक बल्लेबाजी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। घरेलू क्रिकेट के इस टूर्नामेंट में युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ भारतीय टीम के अनुभवी सितारों पर भी सबकी नजरें रहेंगी।

Share this story

Tags