दूसरे चरण का शेड्यूल जारी, वीडियो में देंखे 13 अप्रैल से 24 मई तक होंगे 50 मुकाबले
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दूसरे चरण का बहुप्रतीक्षित शेड्यूल जारी कर दिया गया है। IPL कमेटी ने बुधवार शाम 6 बजे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए इसकी घोषणा की। नए शेड्यूल के मुताबिक टूर्नामेंट का दूसरा फेज 13 अप्रैल से 24 मई तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 50 मुकाबले 12 विभिन्न वेन्यू पर आयोजित होंगे।इस चरण में क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचक मुकाबलों की भरमार देखने को मिलेगी, क्योंकि कुल 8 डबल हेडर मैच भी शेड्यूल किए गए हैं। इससे दर्शकों को एक ही दिन में दो-दो मैचों का आनंद लेने का मौका मिलेगा और टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ जाएगा।
डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस सीजन में एक बड़ा फैस लेते हुए रायपुर को अपना दूसरा होम ग्राउंड बनाया है। टीम इस नए होम वेन्यू पर दो मुकाबले खेलेगी, जिससे स्थानीय क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।टूर्नामेंट का पहला चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें 20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 13 अप्रैल से दूसरा चरण शुरू होगा, जो सीधे लीग के निर्णायक हिस्से तक ले जाएगा।
हालांकि IPL के प्लेऑफ का पूरा शेड्यूल अभी आधिकारिक रूप से घोषित नहीं किया गया है, लेकिन फाइनल मुकाबला 31 मई को बेंगलुरु में खेले जाने की पुष्टि की गई है। इससे पहली बार फाइनल की मेजबानी को लेकर बेंगलुरु शहर क्रिकेट के केंद्र में रहेगा।इस सीजन में कुल 74 मैच खेले जाएंगे। इनमें 70 मुकाबले लीग स्टेज के होंगे, जबकि 4 मैच प्लेऑफ चरण में होंगे। पहले ऐसी खबरें थीं कि इस बार टूर्नामेंट में 84 मैच खेले जाएंगे, लेकिन IPL कमेटी ने मैचों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं की है।
शेड्यूल के अनुसार दूसरे चरण की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मुकाबले से होगी। खास बात यह है कि हैदराबाद टीम अपने होम ग्राउंड पर राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। वहीं, पहले चरण में SRH को बेंगलुरु के मैदान पर RCB के खिलाफ अपना शुरुआती मुकाबला खेलना होगा। IPL 2026 के इस नए शेड्यूल ने एक बार फिर क्रिकेट प्रशंसकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है, और अब सभी की नजरें रोमांचक मुकाबलों और प्लेऑफ की दौड़ पर टिकी हैं।

