न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वीडियो में जाने 4 साल बाद भुवनेश्वर कुमार की वापसी; 15 साल के वैभव सूर्यवंशी टीम में बरकरार
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम का ऐलान कर दिया गया है। टीम में सबसे बड़ा बदलाव तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वापसी है। करीब 4 साल बाद भुवी की भारतीय टीम में वापसी हुई है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2022 में खेला था। वहीं, युवा बल्लेबाज 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह बरकरार रखी गई है। भारतीय टीम न्यूजीलैंड दौरे पर 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक रहेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच 5 टी-20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। फिलहाल BCCI ने सिर्फ टी-20 टीम का ऐलान किया है, जबकि वनडे और टेस्ट टीम की घोषणा अभी बाकी है।
श्रेयस अय्यर संभालेंगे टी-20 टीम की कमान
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। वहीं तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कई युवा चेहरों को भी मौका दिया गया है।टीम में संजू सैमसन और ईशान किशन को विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया है। इसके अलावा अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों को भी जगह मिली है।
भुवनेश्वर कुमार की हुई वापसी
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लंबे समय बाद भारतीय टी-20 टीम में लौटे हैं। स्विंग गेंदबाजी के लिए मशहूर भुवी ने अपना आखिरी मैच 2022 में खेला था। न्यूजीलैंड दौरे पर उनकी वापसी को टीम के गेंदबाजी अनुभव को मजबूत करने के तौर पर देखा जा रहा है।वहीं, युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव और अर्शदीप सिंह भी टीम का हिस्सा हैं। स्पिन विभाग में वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को शामिल किया गया है।
महिला टीम की कमान स्मृति मंधाना को
BCCI ने महिला क्रिकेट टीम में भी बड़ा बदलाव किया है। हरमनप्रीत कौर के इस्तीफे के बाद स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम का नया कप्तान बनाया गया है। वह इसी महीने जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम की कमान संभालेंगी। हरमनप्रीत कौर ने बोर्ड के साथ बैठक के बाद तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया था।
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टी-20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव।
अब सभी की नजरें वनडे और टेस्ट टीम के ऐलान पर टिकी हैं। न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के सामने तीनों फॉर्मेट में बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।

