Samachar Nama
×

6 साल बाद न्यूजीलैंड में साथ खेलेंगे रोहित-विराट: वीडियो में जाने 2027 वर्ल्ड कप के लिए दावेदारी मजबूत करने का मौका, कोहली का रिकॉर्ड बेहतर; रोहित को पहले वनडे शतक का इंतजार

6 साल बाद न्यूजीलैंड में साथ खेलेंगे रोहित-विराट: 2027 वर्ल्ड कप के लिए दावेदारी मजबूत करने का मौका, कोहली का रिकॉर्ड बेहतर; रोहित को पहले वनडे शतक का इंतजार

 

भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली करीब छह साल बाद न्यूजीलैंड की धरती पर एक साथ खेलते नजर आएंगे। दोनों आखिरी बार 29 फरवरी 2020 को हैमिल्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में एक साथ मैदान पर उतरे थे। अब 4 नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों खिलाड़ी एक बार फिर साथ दिखाई देंगे।

टेस्ट और टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित और विराट अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं। ऐसे में न्यूजीलैंड का यह दौरा दोनों के लिए काफी अहम माना जा रहा है। उनके पास इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका होगा।यह दौरा दोनों खिलाड़ियों के न्यूजीलैंड के आखिरी दौरों में से एक भी हो सकता है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।

न्यूजीलैंड की पिचों पर तेज गेंदबाजों की चुनौती

न्यूजीलैंड की परिस्थितियां भारतीय बल्लेबाजों के लिए हमेशा आसान नहीं रही हैं। यहां की पिचों पर तेज गेंदबाजों को उछाल और हवा में स्विंग मिलने से मदद मिलती है। नई गेंद के साथ बल्लेबाजी करना खास तौर पर चुनौतीपूर्ण होता है।गेंद के स्विंग होने और अतिरिक्त उछाल के कारण बल्लेबाजों को सही समय पर शॉट खेलने की जरूरत होती है। ऐसे में रोहित और विराट दोनों को शुरुआती ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव है और वे इन परिस्थितियों में पहले भी खेल चुके हैं।

न्यूजीलैंड में कोहली का रिकॉर्ड रोहित से बेहतर

न्यूजीलैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट के आंकड़ों की बात करें तो विराट कोहली का रिकॉर्ड रोहित शर्मा से बेहतर रहा है। कोहली न्यूजीलैंड में वनडे क्रिकेट में अपने 600 रन पूरे करने से सिर्फ 4 रन दूर हैं।उन्होंने न्यूजीलैंड में अब तक 13 वनडे मुकाबले खेले हैं और 596 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 49.66 और स्ट्राइक रेट 91.41 रहा है। कोहली के बल्ले से यहां एक शतक और चार अर्धशतक निकले हैं।वहीं, रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड में 14 वनडे मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने 437 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 36.41 और स्ट्राइक रेट 72.95 रहा है। रोहित ने न्यूजीलैंड में अब तक चार अर्धशतक लगाए हैं, लेकिन वह यहां वनडे क्रिकेट में एक भी शतक नहीं बना सके हैं।

रोहित के सामने शतक का इंतजार खत्म करने की चुनौती

रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज व्यक्तिगत रिकॉर्ड के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगी। वह न्यूजीलैंड की धरती पर अपना पहला वनडे शतक लगाने की कोशिश करेंगे। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रोहित अगर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलते हैं तो टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा सकते हैं।दूसरी ओर, विराट कोहली की नजर न्यूजीलैंड में 600 वनडे रन पूरे करने पर होगी। वह इस आंकड़े से महज चार रन र हैं। इसके अलावा वह अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराकर टीम में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे।

2027 वर्ल्ड कप के लिए अहम होगी सीरीज

रोहित और विराट दोनों के लिए यह पांच मैचों की सीरीज आगामी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। दोनों अनुभवी खिलाड़ियों के सामने लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और टीम में अपनी जगह मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी।भारतीय टीम को भी उम्मीद होगी कि दोनों दिग्गज बल्लेबाज न्यूजीलैंड की तेज और उछाल भरी पिचों पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे। अब देखना होगा कि छह साल बाद न्यूजीलैंड में एक साथ उतरने वाले रोहित और विराट इस सीरीज में कौन-कौन से नए रिकॉर्ड अपने नाम करते हैं।

Share this story

Tags