भारत-पाकिस्तान वर्ल्ड कप मैच के टिकट के लिए 84 लाख से ज्यादा आवेदन, वीडियो में जाने स्टेडियम में सिर्फ 34 हजार सीटें; फाइनल से भी ज्यादा मांग
वनडे वर्ल्ड कप 2027 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस मैच के टिकटों की मांग ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए अब तक 84 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं। खास बात यह है कि जिस स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाना है, उसकी दर्शक क्षमता सिर्फ 34 हजार है। यानी उपलब्ध सीटों के मुकाबले करीब 247 गुना ज्यादा आवेदन आ चुके हैं।इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मुकाबले के टिकटों के लिए कुल 83,97,294 आवेदन मिले हैं। टिकटों की मांग के मामले में यह मैच पूरे टूर्नामेंट में पहले नंबर पर है। भारत-पाकिस्तान मुकाबले के प्रति फैंस की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ल्ड कप फाइनल के लिए भी इससे कम रजिस्ट्रेशन हुए हैं।
वर्ल्ड कप फाइनल से भी ज्यादा भारत-पाकिस्तान मैच की डिमांड
2027 वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग के इसी स्टेडियम में खेला जाएगा। फाइनल मैच के टिकटों के लिए भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। ICC के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए कुल 79,00,944 आवेदन मिले हैं।इस तरह भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए फाइनल की तुलना में करीब .96 लाख ज्यादा आवेदन आए हैं। इससे साफ है कि क्रिकेट फैंस के बीच दोनों देशों के मुकाबले को लेकर कितना उत्साह है। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैचों को क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े मुकाबलों में गिना जाता है। दोनों टीमों के बीच मैदान पर कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण इस मैच को लेकर हमेशा दर्शकों में खास आकर्षण रहता है।
34 हजार सीटों के लिए 84 लाख से ज्यादा आवेदन
जोहान्सबर्ग के जिस स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होना है, वहां करीब 34 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इसके मुकाबले 83 लाख 97 हजार से ज्यादा आवेदन मिलने का मतलब है कि टिकट हासिल करना फैंस के लिए बेहद मुश्किल होने वाला है।अगर सभी आवेदकों को एक साथ टिकट देने की बात करें तो स्टेडियम की क्षमता मांग के मुकाबले बेहद कम है। यही वजह है कि टिकटों के आवंटन के लिए ICC ने विशेष व्यवस्था की है।
पहले रजिस्ट्रेशन, फिर कंप्यूटराइज्ड लॉटरी से मिलेगा टिकट
ICC के मुताबिक, 2027 वनडे वर्ल्ड कप के टिकटों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 21 नवंबर 2026 तक जारी रहेगी। टिकट खरीदने के इच्छुक लोगों को पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके बाद जिन मुकाबलों के लिए मांग उपलब्ध सीटों से ज्यादा होगी, वहां कंप्यूटराइज्ड रैंडम लॉटरी के जरिए आवेदकों का चयन किया जाएगा।ICC ने स्पष्ट किया है कि टिकट आवंटन की यह प्रक्रिया पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर नहीं होगी। यानी सबसे पहले रजिस्ट्रेशन कराने वाले व्यक्ति को टिकट मिलने की गारंटी नहीं है। लॉटरी में चयनित होने वाले आवेदकों को ही टिकट खरीदने का मौका मिलेगा।भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए रिकॉर्ड आवेदन मिलने से साफ है कि 2027 वर्ल्ड कप का यह मैच टूर्नामेंट के सबसे चर्चित मुकाबलों में शामिल रहने वाला है। अब देखना होगा कि लॉटरी के जरिए किन भाग्यशाली फैंस को स्टेडियम में बैठकर इस महामुकाबले को देखने का मौका मिलता है।

