Samachar Nama
×

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास, वीडियो में जाने चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाया मेंटर; 19 साल के सफर पर लगा विराम

महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल से लिया संन्यास, वीडियो में जाने चेन्नई सुपर किंग्स ने बनाया मेंटर; 19 साल के सफर पर लगा विराम

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास ले लिया है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मंगलवार को धोनी को टीम का मेंटर नियुक्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही आईपीएल में धोनी के 19 साल लंबे सफर का अंत हो गया। धोनी ने अपने आईपीएल करियर में 278 मैच खेले और 5314 रन बनाए। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता। इसके अलावा टीम ने दो बार चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी भी अपने नाम की।

धोनी के संन्यास को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की मालिक रूपा गुरुनाथ ने एक खास किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को वर्ष 2027 के सत्र के लिए टीम से रिलीज किए जाने वाले खिलाड़ियों को लेकर वीडियो कॉल पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान धोनी ने बेहद धीमी आवाज में कहा कि शायद इस सूची में उनका नाम भी जोड़ देना चाहिए। धोनी की इस बात के बाद उनके आईपीएल से संन्यास लेने की चर्चा को विराम मिल गया और टीम में उनकी नई भूमिका का रास्ता साफ हुआ।

एन. श्रीनिवासन बोले- धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं

चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के साथ अपने करीब दो दशक पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि धोनी के बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना संभव नहीं है। हमारा साथ करीब 20 साल पुराना है। वर्ष 2008 में मैंने ही उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही थी और यह मेरा सबसे अच्छा फैसला साबित हुआ।श्रीनिवासन ने कहा कि धोनी हमेशा चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान बने रहेंगे। यह टीम उनका घर है और आगे भी रहेगी। मेंटर के रूप में उनकी मौजूदगी से टीम को उनके अनुभव और क्रिकेट की समझ का लाभ मिलता रहेगा।

चेन्नई के साथ बिताए 17 सीजन

महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आईपीएल करियर के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स के साथ कुल 17 सीजन बिताए। हालांकि, वर्ष 2016 और 2017 में टीम पर प्रतिबंध लगने के कारण उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेलना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने दोबारा चेन्नई की टीम में वापसी की और लंबे समय तक टीम का नेतृत्व किया।वर्ष 2026 के आईपीएल सत्र में धोनी चोट के कारण चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से एक भी मुकाबला नहीं खेल सके थे। इससे पहले वर्ष 2025 के सत्र में उन्होंने 14 मैचों में 196 रन बनाए थे।

अब मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे धोनी

आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर धोनी का सफर भले ही समाप्त हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा। मेंटर के रूप में वह टीम के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देंगे। उनकी कप्तानी में टीम ने कई यादगार उपलब्धियां हासिल की हैं। अब देखना होगा कि धोनी का अनुभव और मार्गदर्शन आने वाले सत्रों में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रदर्शन को किस तरह प्रभावित करता है।

Share this story

Tags