Samachar Nama
×

ग्लोबल क्रिकेट की कमान फिर जय शाह के हाथ: लगातार दूसरी बार निर्विरोध बने ICC चीफ, 5 भारतीय दिग्गजों की सूची में शामिल

ग्लोबल क्रिकेट की कमान फिर जय शाह के हाथ: लगातार दूसरी बार निर्विरोध बने ICC चीफ, 5 भारतीय दिग्गजों की सूची में शामिल

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में जय शाह को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें लगातार दूसरी बार ICC का चेयरमैन चुना गया है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित ICC बोर्ड और कमेटी की बैठकों के दौरान डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसके बाद उन्हें निर्विरोध इस पद के लिए चुन लिया गया।

जय शाह का दूसरा कार्यकाल क्रिकेट प्रशासन में उनके नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। वह लगातार दो बार ICC चेयरमैन बनने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले शशांक मनोहर भी लगातार दो कार्यकाल तक इस पद पर रह चुके हैं।

जय शाह ने कहा- क्रिकेट को दुनिया भर में आगे बढ़ाना प्राथमिकता

दोबारा ICC चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह ने कहा कि इस पद पर काम करना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। वह दुनिया भर में क्रिकेट को लोकप्रिय बनाने और इसके विकास के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे।

उन्होंने 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी को खेल के लिए बड़ा अवसर बताया। उनके मुताबिक, ओलिंपिक के जरिए क्रिकेट को नए दर्शकों तक पहुंचाने और दुनिया के अलग-अलग देशों में इसकी लोकप्रियता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जय शाह ने यह भी कहा कि क्रिकेट का भविष्य मजबूत बनाने के लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखना जरूरी है।

2024 में पहली बार बने थे ICC चेयरमैन

जय शाह ने साल 2024 में पहली बार ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय 36 साल की उम्र में वह ICC के सबसे युवा चेयरमैन बने थे।

ICC प्रमुख के पद को पहले प्रेसिडेंट कहा जाता था। साल 2015 में संगठन के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव के बाद इस पद का नाम चेयरमैन कर दिया गया।

लगातार दो कार्यकाल संभालने वाले दूसरे भारतीय

जय शाह ICC के प्रमुख का पद संभालने वाले भारतीयों में शामिल हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर जैसे भारतीय क्रिकेट प्रशासक इस जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं।

शशांक मनोहर लगातार दो कार्यकाल तक ICC चेयरमैन रहे थे। उनका पहला कार्यकाल मई 2016 में शुरू हुआ था और मई 2018 में उन्हें दोबारा निर्विरोध चुना गया था। उन्होंने जून 2020 में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया था।

अहमदाबाद से शुरू हुआ था जय शाह का क्रिकेट प्रशासनिक सफर

जय शाह का क्रिकेट प्रशासन से जुड़ाव साल 2009 में शुरू हुआ था। उन्होंने अहमदाबाद के केंद्रीय क्रिकेट बोर्ड में कार्यकारी बोर्ड के सदस्य के रूप में काम किया। इसके बाद सितंबर 2013 में गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के संयुक्त सचिव बने।

साल 2015 में उन्हें BCCI की वित्त समिति का सदस्य बनाया गया। अक्टूबर 2019 में उन्होंने BCCI के सचिव का पद संभाला। इसके बाद 2021 में वह एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष बने और जनवरी 2024 में दोबारा इस पद पर चुने गए।

साल 2022 में जय शाह को ICC की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति का अध्यक्ष बनाया गया था। इसके अलावा वह ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी से जुड़े ICC वर्किंग ग्रुप का भी हिस्सा रहे।

अब लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने के बाद उनके सामने क्रिकेट को नए बाजारों तक पहुंचाने, वैश्विक स्तर पर खेल का विस्तार करने और 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट की सफल वापसी सुनिश्चित करने जैसी अहम चुनौतियां होंगी।

Share this story

Tags