भारत के विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में अपनी शानदार बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में नंबर-5 पर उतरते हुए शानदार दोहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने 301 गेंदों में 250 रन की धमाकेदार पारी खेली और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर गए।
ईशान किशन ने अपनी इस पारी के दौरान 83.05 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 27 चौके तथा 7 छक्के लगाए। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने ईस्ट जोन को पहली पारी में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
टेस्ट टीम में वापसी का मजबूत दावा
ईशान किशन की इस बड़ी पारी ने भारतीय टेस्ट टीम में उनकी वापसी की चर्चा तेज कर दी है। भारत को नवंबर में न्यूजीलैंड के दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की रेस में बने रहने के लिहाज से यह सीरीज टीम इंडिया के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
ऐसे में ईशान किशन का मौजूदा फॉर्म चयनकर्ताओं का ध्यान जरूर खींच सकता है। दलीप ट्रॉफी का फाइनल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है और BCCI की चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर भी मुकाबला देखने के लिए मौजूद हैं।
तीन साल बाद फिर पेश की दावेदारी
ईशान किशन ने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला था। इसके बाद से वह टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। अब दलीप ट्रॉफी फाइनल में 250 रन की पारी खेलकर उन्होंने एक बार फिर चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
ईशान किशन ने अब तक भारत के लिए सिर्फ 2 टेस्ट मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने 78 रन बनाए हैं और उनका औसत भी 78 का रहा है। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में एक अर्धशतक दर्ज है, जबकि उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी नाबाद 52 रन की रही है। विकेटकीपर के तौर पर उन्होंने भारत के लिए 5 शिकार भी किए हैं।
ईस्ट जोन का स्कोर 600 के पार
ईशान किशन की 250 रन की शानदार पारी की बदौलत ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 614 रन का आंकड़ा पार कर लिया है।
अब ईशान किशन की इस पारी के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में दोबारा मौका मिलेगा।

