Samachar Nama
×

IPL Points Table: गुजरात टाइटंस बनी नंबर वन टीम, दो को नुकसान, अंक तालिका में भयंकर उलटफेर

IPL Points Table: गुजरात टाइटंस बनी नंबर वन टीम, दो को नुकसान, अंक तालिका में भयंकर उलटफेर

आईपीएल में इस वक्त गजब का रोमांच चल रहा है। जो टीम अब से कुछ ही दिन पहले तक प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होती हुई नजर आ रही थी, उनसे ऐसा कमबैक किया कि सभी को पछाड़ते हुए पहले नंबर की कुर्सी पर जा बैठी है। इससे जहां एक ओर टॉप 4 में जबरदस्त हलचल मची हुई है, वहीं दो टीमों को नुकसान भी उठाना पड़ा है। कुल मिलाकर अभी तक पेच फंसे हुए हैं। ये कह पाना मुश्किल है कि प्लेऑफ में जाने वाली चार टीमें कौन सी होंगी। 

गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराया, अब हो गए हैं 16 अंक
गुजरात टाइटंस ने मंगलवार को शानदार खेल दिखाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को बुरी तरह से पीट दिया। इस जीत के साथ ही गुजरात की टीम अब अंक तालिका में पहले नंबर पर पहुंच चुकी है। टीम ने अब तक 8 मैच जीत लिए हैं और उसके 16 अंक हो गए हैं। इसका मतलब ये हुआ कि टीम को अब कोई अनहोनी ही टॉप 4 से बाहर कर सकती है, नहीं तो उसकी जगह प्लेऑफ में करीब करीब पक्की है। टीम ने अपने पिछले पांच में से पांच मैच जीतकर जबरदस्त कमबैक किया है। शुभमन गिल की कप्तानी में इस टीम ने फिर से विजेता बनने के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। 

आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद को हुआ नुकसान
इस बीच गुजरात टाइटंस के पहले नंबर पर जाने से दो टीमों को खास तौर पर नुकसान हुआ है। आरसीबी, जो पहले नंबर पर थी, उसे नीचे आना पड़ा है, वहीं सनराइजर्स हैदराबाद को भी नुकसान हुआ है। आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के पास 14 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर आरसीबी दूसरे और हैदराबाद की टीम नंबर तीन पर आ चुकी है। पंजाब किंग्स की टीम अब 13 अंक लेकर नंबर 4 पर है। पंजाब की टीम अपने पिछले चार मैच लगातार हारी है। इसलिए टीम पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। 

चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स भी टॉप 4 की रेस में बने हुए हैं 
चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की टीमें भले ही इस वक्त टॉप 4 से बाहर हैं, लेकिन एक जीत दर्ज करते ही वे प्लेऑफ की दौड़ में फिर से शामिल हो जाएंगी। सीएसके और आरआर के इस वक्त 12 अंक हैं। एक मैच और जीतते ही इनके भी 14 अंक हो जाएंगे, इसके बाद वे भी टॉप 4 में आकर प्लेऑफ की अपनी दावेदारी पेश करती हुई नजर आएंगी। 

मुंबई और एलएसजी बाहर, आज आरसीबी के पास फिर टॉप पर पहुंचने का मौका
अब तक की स्थिति पर नजर डालें तो केवल दो ही टीमें प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई हैं। मुंबई इंडियंस नौवें नंबर पर है, वहीं एलएसजी दसवें स्थान पर संघर्ष कर रही हैं। इन दोनों के पास अब तक छह छह अंक ही हैं। आज आरसीबी और केकेआर के बीच मुकाबला खेला जाएगा। आरसीबी ने जीत दर्ज की तो उसके पास फिर से पहले नंबर पर पहुंचने का मौका होगा। वहीं अगर केकेआर हारी तो वो भी आधिकारिक रूप से बाहर हो जाएगी। आज का मैच भी काफी रोचक होने की उम्मीद है। 

Share this story

Tags