भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टेस्ट आज, वीडियो में जाने हेगले ओवल में टीम इंडिया के सामने जीत की चुनौती; गुरनूर कर सकते हैं डेब्यू
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट आज रात 3:30 बजे से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में खेला जाएगा। पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद दोनों टीमों के पास दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने का मौका है। हालांकि, इस मैदान पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। टीम इंडिया ने क्राइस्टचर्च में अब तक छह टेस्ट खेले हैं और सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
मैच से एक दिन पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने पिच को लेकर अहम बात कही। उन्होंने बताया कि हेगले ओवल की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार हो सकती है। मोर्केल ने युवा गेंदबाज गुरनूर बरार की भी तारीफ की और कहा कि यह पिच उनकी गेंदबाजी के लिए आदर्श है। ऐसे में गुरनूर को इस मुकाबले में टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिल सकता है।
क्राइस्टचर्च में भारत का रिकॉर्ड खराब
क्राइस्टचर्च में भारतीय टीम अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत सकी है। टीम ने यहां कुल छह मुकाबले खेले हैं और सभी में उसे हार मिली है। शहर में दो इंटरनेशनल स्टेडियमों पर भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा है। एएमआई स्टेडियम में भारत ने पांच और हेगले ओवल में एक टेस्ट गंवाया है।हेगले ओवल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पिछला टेस्ट मुकाबला 2020 में खेला गया था। उस मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हराया था। भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उस मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल पांच विकेट लिए थे। उन्होंने पहली पारी में चार और दूसरी पारी में एक विकेट हासिल किया था।
मानव सुथार और प्रसिद्ध कृष्णा पर भी नजर
भारतीय गेंदबाजी में इस साल मानव सुथार का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह तीन टेस्ट मैचों में 23 विकेट लेकर टीम के टॉप विकेट टेकर्स में शामिल हैं। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा अब तक 13 विकेट हासिल कर चुके हैं।दूसरे टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों के सामने न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को रोकने की चुनौती होगी। पिच पर तेज गेंदबाजों को मिलने वाली मदद का फायदा उठाने के लिए टीम को सही संयोजन के साथ उतरना होगा।
भारत ने न्यूजीलैंड में आखिरी टेस्ट सीरीज 2009 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीती थी। अब टीम के सामने क्राइस्टचर्च में पहली टेस्ट जीत दर्ज करने और सीरीज में बढ़त हासिल करने का मौका है। वहीं, न्यूजीलैंड की टीम घरेलू मैदान पर अपने रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए मुकाबला जीतना चाहेगी।

