IND vs WI 1st T20: पहले मैच से पहले वेस्टइंडीज को बड़ा झटका, चोटिल हुआ स्टार खिलाड़ी; इस बल्लेबाज की हुई टीम में एंट्री
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 सीरीज का आगाज 6 अक्टूबर से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने जा रहा है। मैच से पहले ही वेस्टइंडीज टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा खिलाड़ी ज्वेल एंड्रयू उंगली में चोट के कारण पहले टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह कैरेबियाई टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज आमिर जांगू को शामिल किया गया है।
ज्वेल एंड्रयू को भारत के खिलाफ खेले गए तीसरे वनडे मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। नमन धीर का कैच पकड़ने की कोशिश में उनकी उंगली चोटिल हो गई थी। हालांकि शुरुआती जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यही वजह है कि उन्हें फिलहाल सिर्फ पहले टी20 से बाहर रखा गया है और पूरी सीरीज से बाहर होने की पुष्टि नहीं हुई है।
आमिर जांगू की हुई वापसी
ज्वेल एंड्रयू की जगह टीम में शामिल किए गए आमिर जांगू भारत के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में शानदार फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने 3 पारियों में एक शतक और दो अर्धशतकों की मदद से 239 रन बनाए थे।
जांगू अब तक वेस्टइंडीज के लिए 7 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम एक अर्धशतक की मदद से 163 रन दर्ज हैं। हालांकि टी20 फॉर्मेट में उनका स्ट्राइक रेट अभी बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है, लेकिन भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में उनकी शानदार बल्लेबाजी को देखते हुए टीम को उनसे काफी उम्मीदें होंगी।
6 अक्टूबर को होगा पहला टी20 मुकाबला
भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टी20 मुकाबला मंगलवार, 6 अक्टूबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद सीरीज के बाकी मुकाबले 9, 11, 14 और 17 अक्टूबर को खेले जाएंगे।
टीम इंडिया इस समय जबरदस्त आत्मविश्वास में है। भारतीय टीम ने हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर अपना दम दिखाया है। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम की नजर वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में धमाकेदार शुरुआत करने पर होगी।
वहीं पहले मुकाबले से ठीक पहले वेस्टइंडीज को लगा यह झटका उसकी प्लेइंग इलेवन के समीकरण बदल सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या आमिर जांगू भारत के खिलाफ एक बार फिर बल्ले से धमाल मचा पाएंगे या टीम इंडिया पहले टी20 में कैरेबियाई टीम पर भारी पड़ेगी?

