Samachar Nama
×

हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी, वीडियो में जाने तीनों फॉर्मेट से दिया इस्तीफा; स्मृति मंधाना बन सकती हैं अगली कप्तान

हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी, वीडियो में जाने तीनों फॉर्मेट से दिया इस्तीफा; स्मृति मंधाना बन सकती हैं अगली कप्तान

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उनका यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की एक दिन पहले गुवाहाटी में हुई बैठक के बाद सामने आया है। बैठक में हरमनप्रीत कौर के अलावा उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद थे। बैठक में टीम के भविष्य और कप्तानी को लेकर चर्चा हुई।हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने के बाद स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम की अगली कप्तान बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, नए कप्तान के नाम का आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है।

हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर दी जानकारी

हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा कि वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था। कप्तानी के दौरान उन्हें कई यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल मिले, जो जीवनभर उनके साथ रहेंगे।उन्होंने अपने सफर और टीम के साथ बिताए पलों को याद करते हुए भावुक संदेश भी लिखा। हरमनप्रीत लंबे समय से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल रही हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

हरमनप्रीत के नाम कई बड़े रिकॉर्ड

37 साल की हरमनप्रीत कौर ने भारतीय महिला क्रिकेट में बतौर कप्तान कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में भारत को पहला महिला वर्ल्ड कप जिताना शामिल है।उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने 2012, 2016, 2022 और 2026 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया। हालांकि, 2012 एशिया कप में हरमनप्रीत ने केवल फाइनल मुकाबले में टीम की कप्तानी की थी। टूर्नामेंट के बाकी मैचों में मिताली राज ने भारतीय टीम की कमान संभाली थी।

अब स्मृति मंधाना पर नजर

हरमनप्रीत के कप्तानी छोड़ने के बाद अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नेतृत्व को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा स्मृति मंधाना के नाम की है। वह लंबे समय से टीम की उपकप्तान हैं और तीनों फॉर्मेट में टीम की अहम खिलाड़ी हैं। ऐसे में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम फैसला BCCI की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा।

Share this story

Tags