Samachar Nama
×

ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा: वीडियो में जाने T20I से लिया संन्यास, 130 मैचों में बनाए 2897 रन; IPL और बिग बैश में खेलते रहेंगे

ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा: T20I से लिया संन्यास, 130 मैचों में बनाए 2897 रन; IPL और बिग बैश में खेलते रहेंगे

 

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। 38 साल के मैक्सवेल अब ऑस्ट्रेलिया की ओर से किसी भी इंटरनेशनल फॉर्मेट में खेलते नजर नहीं आएंगे। उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया है। इससे पहले वह जून 2025 में वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। मैक्सवेल ने लिस्ट-A और फर्स्ट क्लास क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है। हालांकि, वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।

मैक्सवेल मेलबर्न स्टार्स की ओर से बिग बैश लीग (BBL) में खेलते रहेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है। इसके अलावा उनके IPL में भी खेलने की संभावना बनी रहेगी। मैक्सवेल के संन्यास के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में एक ऐसे खिलाड़ी का इंटरनेशनल सफर खत्म हो गया है, जिसने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और उपयोगी गेंदबाजी से अलग पहचान बनाई।

फरवरी 2026 में खेला था आखिरी इंटरनेशनल मैच

ग्लेन मैक्सवेल ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला फरवरी 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान खेला था। यह मुकाबला ओमान के खिलाफ था, जो ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट में आखिरी ग्रुप मैच था। इसके बाद से उनके इंटरनेशनल क्रिकेट में भविष्य को लेकर चर्चाएं चल रही थीं।मैक्सवेल ने साल 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। शुरुआती दौर से ही उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर टीम में जगह बनाई। वह मैदान के किसी भी कोने में बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते थे। मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाने और मैच का रुख बदलने की उनकी काबिलियत ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया के अहम खिलाड़ियों में शामिल किया।

130 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 2897 रन

मैक्सवेल ने अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में कुल 130 मुकाबले खेले। इस दौरान उन्होंने 2,897 रन बनाए। वह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम टी-20 इंटरनेशनल में पांच शतक दर्ज हैं।दिलचस्प बात यह है कि भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम भी टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पांच शतक हैं। मैक्सवेल अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण दुनिया भर की टी-20 लीग में भी काफी लोकप्रिय रहे हैं।

भारत के खिलाफ लगाया था इकलौता टेस्ट शतक

मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए टेस्ट क्रिकेट में भी प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कुल सात मुकाबले खेले और 339 रन बनाए। उनका एकमात्र टेस्ट शतक भारत के खिलाफ आया था। साल 2017 में रांची में खेले गए टेस्ट मैच में उन्होंने शतकीय पारी खेली थी।मैक्सवेल का संन्यास ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, क्रिकेट प्रशंसकों को उन्हें फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते देखने का मौका मिलता रहेगा। मेलबर्न स्टार्स के साथ उनका करार 2027-28 सीजन तक है और IPL में भी उनकी वापसी की संभावनाएं बनी हुई हैं।

Share this story

Tags