Samachar Nama
×

IPL के बीच धोनी पहुंचे NSG कैंप, वीडियो में जाने कमांडोज संग चलाया हथियार, बोले- ‘फिट लग रहा हूं न?’

IPL के बीच धोनी पहुंचे NSG कैंप, वीडियो में जाने कमांडोज संग चलाया हथियार, बोले- ‘फिट लग रहा हूं न?’

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान Mahendra Singh Dhoni एक बार फिर अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। IPL के व्यस्त सीजन के बीच रविवार को धोनी चेन्नई स्थित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड्स (NSG) के रीजनल हब पहुंचे, जहां उन्होंने कमांडोज के साथ खास समय बिताया। इस दौरान धोनी ने सब मशीनगन और पिस्टल से निशानेबाजी भी की, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।44 वर्षीय धोनी ने NSG कैं में मौजूद जवानों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने कमांडोज के साथ बातचीत की, उनके साथ भोजन किया और ट्रेनिंग गतिविधियों को भी करीब से देखा। बताया जा रहा है कि धोनी ने हथियारों की ट्रेनिंग में काफी रुचि दिखाई और प्रोफेशनल अंदाज में शूटिंग की।

मुलाकात के दौरान धोनी का मजाकिया अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने कमांडोज से मुस्कुराते हुए पूछा, “फिट लग रहा हूं न?” इस पर जवानों ने भी हंसते हुए जवाब दिया, “पिछली बार जब आए थे, तब इससे भी ज्यादा फिट थे।” कमांडोज की बात सुनकर धोनी ने कहा, “जैसे-जैसे टाइम बढ़ता है, मेहनत ज्यादा करनी पड़ती है।”धोनी और जवानों के बीच हुई यह बातचीत सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है। फैंस धोनी की सादगी और फिटनेस को लेकर जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि क्रिकेट से दूर होने के बाद भी धोनी का अनुशासन और फिटनेस आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा है।

यह पहली बार नहीं है जब धोनी NSG कैंप पहुंचे हों। इससे पहले भी वह साल 2023 में NSG कैंप का दौरा कर चुके हैं। सेना और सुरक्षा बलों के प्रति धोनी का लगाव किसी से छिपा नहीं है। भारतीय सेना में उन्हें लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि भी मिल चुकी है। धोनी अक्सर सेना के जवानों के साथ समय बिताते नजर आते हैं।क्रिकेट के मैदान पर अपनी शांत कप्तानी और तेज फैसलों के लिए मशहूर धोनी अब भी करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करते हैं। IPL में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव लगातार बना हुआ है और हर सीजन में उनकी लोकप्रियता पहले जैसी ही दिखाई देती है।

NSG कैंप में धोनी की मौजूदगी ने जवानों में भी खास उत्साह भर दिया। अधिकारियों के मुताबिक धोनी ने जवानों के साहस और समर्पण की सराहना की और देश की सुरक्षा में उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। फिलहाल सोशल मीडिया पर धोनी की शूटिंग प्रैक्टिस और कमांडोज के साथ बिताए गए पलों की तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं। फैंस एक बार फिर “कैप्टन कूल” के इस अंदाज के दीवाने हो गए हैं।

Share this story

Tags