वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे के लिए बद्रीनाथ ने चुनी चौंकाने वाली टीम, रोहित-गिल के साथ विराट को दी जगह
वेस्टइंडीज की पुरुष क्रिकेट टीम इन दिनों भारत के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच जल्द ही तीन मैचों की वनडे और इसके बाद पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है। इस दौरे की शुरुआत वनडे सीरीज से होगी। सीरीज शुरू होने से पहले ही भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व बल्लेबाज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने पहले वनडे के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय प्लेइंग इलेवन का चयन किया है। उनकी टीम में कुछ ऐसे नाम शामिल हैं, जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया है।
बद्रीनाथ ने पारी की शुरुआत के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को चुना है। वहीं, नंबर-3 पर विराट कोहली को जगह दी गई है। चौथे नंबर पर श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ पर भरोसा जताया है।
पांचवें नंबर पर केएल राहुल को रखा गया है। राहुल को बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके बाद छठे और सातवें नंबर पर ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और रवींद्र जडेजा को शामिल किया गया है। नीतीश टीम को तेज गेंदबाजी का विकल्प देते हैं, जबकि जडेजा अपने बाएं हाथ की स्पिन और बल्लेबाजी से टीम में संतुलन बनाते हैं।
गेंदबाजी विभाग में बद्रीनाथ ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़ को दी है। वहीं, स्पिन विभाग में कुलदीप यादव को मुख्य स्पिनर के तौर पर शामिल किया गया है।इस तरह सुब्रमण्यम बद्रीनाथ की चुनी हुई टीम में अनुभव, युवा खिलाड़ियों और ऑलराउंड विकल्पों का मिश्रण देखने को मिलता है। हालांकि, मैच के दिन भारतीय टीम की आधिकारिक प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकते हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे के लिए बद्रीनाथ की चुनी भारतीय प्लेइंग इलेवन
रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़।

