Asian Games 2026: भारत का श्रीलंका और पाक का बांग्लादेश से सेमीफाइनल, जानिए कब और कैसे हो सकता है IND vs PAK का मैच
एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। हालांकि क्रिकेट फैंस को इस टूर्नामेंट में अब तक ज्यादा मुकाबले देखने को नहीं मिले हैं, क्योंकि बारिश ने क्वार्टर फाइनल मुकाबलों का मजा किरकिरा कर दिया।चारों क्वार्टर फाइनल मैचों में बारिश का असर देखने को मिला। मंगलवार को भी दो मुकाबले होने थे, लेकिन दोनों मैच बिना टॉस और एक भी गेंद फेंके रद्द करने पड़े।पहले मुकाबले में बांग्लादेश और मलेशिया आमने-सामने होने वाले थे, जबकि दूसरे क्वार्टर फाइनल में नेपाल का सामना श्रीलंका से होना था। लगातार बारिश के कारण दोनों मुकाबले नहीं हो सके।
रैंकिंग के आधार पर हुआ फैसला
बारिश के कारण मैच नहीं होने की स्थिति में एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक बेहतर टी20 रैंकिंग वाली टीम को अगले दौर में जगह दी गई।
बांग्लादेश की टी20 रैंकिंग मलेशिया से बेहतर होने के कारण उसे सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया। वहीं श्रीलंका की रैंकिंग नेपाल से ऊपर थी, इसलिए श्रीलंकाई टीम भी बिना मैच खेले अंतिम-4 में पहुंच गई।
इससे पहले भारत और पाकिस्तान के क्वार्टर फाइनल मुकाबले भी बारिश की वजह से नहीं हो सके थे।
भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना था, लेकिन बारिश के कारण मैच रद्द हो गया और रैंकिंग के आधार पर टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंच गई। वहीं पाकिस्तान का मुकाबला हांगकांग से होना था। यह मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया और पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में जगह बना ली।
1 अक्टूबर को भारत-श्रीलंका मुकाबला
अब एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट में दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
1 अक्टूबर को भारत का सामना श्रीलंका से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की भिड़ंत बांग्लादेश से होगी।
यानी अगर भारत और पाकिस्तान अपनी-अपनी सेमीफाइनल भिड़ंत जीत लेते हैं, तो एशियन गेम्स के फाइनल में एक बार फिर दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने आ सकते हैं।
हालांकि अभी फाइनल में भारत-पाकिस्तान मुकाबला तय नहीं है। दोनों टीमों को पहले अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतने होंगे।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही क्वार्टर फाइनल में बिना मैच खेले सेमीफाइनल तक पहुंचे हैं। अब फैंस की नजर 1 अक्टूबर के मुकाबलों पर टिकी है, जहां पहली बार टूर्नामेंट में दोनों टीमों को मैदान पर खेलते हुए देखने का मौका मिलेगा।

