क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन दिखे 7 बड़े मोमेंट्स: सिराज प्लेइंग-11 से बाहर होने पर भावुक नजर आए, गुरनूर ने डेब्यू में लिया पहला विकेट
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन 5 विकेट के नुकसान पर 246 रन बना लिए। दूसरे टेस्ट में भी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली। इस दौरान उनके भावुक नजर आने की चर्चा रही। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार को टेस्ट कैप सौंपी।मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने एक समय 110 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड के तीन विकेट गिरा दिए। इसके अलावा ध्रुव जुरेल ने शॉर्ट लेग पर शानदार एक हाथ का कैच पकड़कर सभी का ध्यान खींचा। पहले दिन के खेल में कई ऐसे पल आए, जिनकी चर्चा रही।
क्राइस्टचर्च टेस्ट के पहले दिन के 7 बड़े मोमेंट्स
1. प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिलने पर भावुक दिखे सिराज
मोहम्मद सिराज को लगातार दूसरे टेस्ट में भारतीय प्लेइंग-11 में शामिल नहीं किया गया। पहले दिन कैमरे में वे धूप का चश्मा लगाकर अपनी आंखें ढकते नजर आए। इस पर लाइव कमेंट्री कर रहे अजिंक्य रहाणे ने सवाल किया कि क्या सिराज रो रहे हैं?
कमेंटेटर मुरली कार्तिक ने भी कहा कि टीम से बाहर होना सिराज के लिए निराशाजनक हो सकता है। उन्होंने उनके चयन पर सवाल उठाए। गौरतलब है कि सिराज मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकल में 11 मैचों में 43 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
2. गुरनूर बरार ने डेब्यू टेस्ट में लिया पहला विकेट
दूसरे टेस्ट में गुरनूर बरार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला। उन्होंने 26वें ओवर में डेवोन कॉन्वे को LBW आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
कॉन्वे ने अंपायर के फैसले को चुनौती देते हुए रिव्यू लिया, लेकिन बॉल ट्रैकिंग में गेंद लेग स्टंप पर लगती दिखाई दी। वे 79 गेंदों पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यह गुरनूर का पहला टेस्ट विकेट था। हालांकि, पहले दिन उन्होंने 7 नो-बॉल भी फेंकीं।
3. आकाश दीप ने कप्तान टॉम लैथम को किया आउट
आकाश दीप ने 41.3वें ओवर में न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम को पवेलियन भेजकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। उनकी गेंद पर लैथम के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर ऋषभ पंत ने कैच पकड़ लिया।
लैथम ने 128 गेंदों पर 59 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके शामिल रहे।
4. 110 रन पर न्यूजीलैंड ने गंवाए तीन विकेट
न्यूजीलैंड की टीम एक समय 110 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मेजबान टीम पर दबाव बनाया।
-
41.3वें ओवर में आकाश दीप ने टॉम लैथम को ऋषभ पंत के हाथों कैच कराया।
-
42.1वें ओवर में हर्षित राणा ने हेनरी निकोल्स को आउट किया। निकोल्स ने शॉर्ट बॉल पर पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में चली गई। लॉन्ग लेग पर खड़े आकाश दीप ने कैच पकड़ लिया। निकोल्स 46 गेंदों पर 16 रन बनाकर आउट हुए।
-
43.6वें ओवर में आकाश दीप ने रचिन रवींद्र को पंत के हाथों कैच कराया।
इस तरह भारत ने कम समय में तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड को दबाव में ला दिया।
5. बुमराह की गेंद पर पंत से छूटा कैच, मिचेल को लगी चोट
56वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने डेरिल मिचेल के खिलाफ शॉर्ट बॉल फेंकी। मिचेल ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर ऋषभ पंत की ओर चली गई।
पंत ने डाइव लगाकर कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथों से निकल गई। बुमराह को शुरुआत में लगा कि कैच पूरा हो गया है, लेकिन गेंद छूटते ही उन्होंने निराशा में सिर पर हाथ रख लिया।
इस दौरान मिचेल को दोबारा चोट भी लगी, जिसके बाद फिजियो को मैदान पर बुलाना पड़ा।
6. बुमराह की LBW अपील पर भारत ने गंवाया रिव्यू
48वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने टॉम ब्लंडेल के खिलाफ LBW की अपील की। अंपायर ने उन्हें नॉट आउट दिया, जिसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने रिव्यू लेने का फैसला किया।
हालांकि, बॉल ट्रैकिंग में गेंद मिडिल स्टंप के ऊपर से जाती दिखाई दी। ऐसे में अंपायर का नॉट आउट फैसला बरकरार रहा और भारत ने अपना रिव्यू गंवा दिया।
7. ध्रुव जुरेल ने शॉर्ट लेग पर पकड़ा शानदार एक हाथ का कैच
वॉशिंगटन सुंदर ने 65वें ओवर में डेरिल मिचेल को आउट किया। सुंदर की गेंद टर्न होकर पैड की ओर आई। मिचेल ने उसे हल्के हाथों से खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगकर हवा में चली गई।शॉर्ट लेग पर तैनात ध्रुव जुरेल ने तेजी से बाईं ओर मूव किया और एक हाथ से शानदार कैच पकड़ लिया। इस कैच ने पहले दिन के खेल के यादगार पलों में जगह बना ली।

