Samachar Nama
×

काउंटी चैंपियनशिप: सरे से जुड़े औकिब नबी, फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे 3 मुकाबले

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। हाल ही में भारतीय टीम में चुने गए तेज गेंदबाज औकिब नबी काउंटी चैंपियनशिप में इंग्लिश काउंटी टीम 'सरे' से जुड़ गए हैं, जिसके लिए 3 मैच खेलेंगे। 29 वर्षीय खिलाड़ी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने टूर्नामेंट में 60 विकेट लिए और जम्मू-कश्मीर को उसका पहला खिताब जिताने में मदद की।

नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। हाल ही में भारतीय टीम में चुने गए तेज गेंदबाज औकिब नबी काउंटी चैंपियनशिप में इंग्लिश काउंटी टीम 'सरे' से जुड़ गए हैं, जिसके लिए 3 मैच खेलेंगे। 29 वर्षीय खिलाड़ी ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने टूर्नामेंट में 60 विकेट लिए और जम्मू-कश्मीर को उसका पहला खिताब जिताने में मदद की।

नबी अब सरे के लिए यॉर्कशायर, ससेक्स और ग्लैमॉर्गन के खिलाफ होने वाले अगले तीन मुकाबलों में खेलेंगे। 'आईएएनएस' ने 28 अगस्त को खबर दी थी कि नबी के रविवार को सरे से जुड़ने और काउंटी चैंपियनशिप में खेलने की संभावना है।

नबी सरे के लिए तीन मैच खेलेंगे, जिसकी शुरुआत 2 सितंबर को 'द ओवल' में यॉर्कशायर के खिलाफ मैच से होगी। इसके बाद क्रमशः 8 और 15 सितंबर को होव और 'द ओवल' में ससेक्स और ग्लैमॉर्गन के खिलाफ मैच होंगे।

इस मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने रविवार को 'आईएएनएस' को बताया, "हां, सभी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद औकिब को इंग्लैंड जाने के लिए वीजा मिल गया है। माना जा रहा है कि वह आज नई दिल्ली से इंग्लैंड के लिए रवाना होंगे। अगर सब कुछ ठीक रहा, तो वह 2 सितंबर से शुरू होने वाले मैच के लिए उपलब्ध हो सकते हैं। इस दौरे का मुख्य मकसद भारतीय टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं के लिए यह देखना भी है कि क्या नबी इंग्लैंड में गेंद को अच्छी तरह से स्विंग करा सकते हैं, क्योंकि न्यूजीलैंड में होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें रेड कूकाबुरा गेंद के साथ अनुकूल परिस्थितियों में ऐसा करने की जरूरत होगी।"

नबी को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चोटिल जसप्रीत बुमराह के स्थान पर चुना गया था, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल सका, क्योंकि भारत दोनों मुकाबलों में दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरा था। नबी इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में खेलेंगे, लेकिन उम्मीद है कि वह ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ इंडिया-ए के मुकाबलों के लिए समय पर लौट आएंगे, जिसकी शुरुआत 22 सितंबर से होगी।

सरे से जुड़ने पर खुशी जताते हुए औकिब नबी ने कहा, "इंग्लैंड के सबसे अच्छे क्लबों में से एक, सरे से जुड़ना सम्मान की बात है। मैं इस ग्रुप से सीखने और अगले तीन मुकाबलों में उनकी मदद करने के लिए उत्सुक हूं।"

वहीं, सरे मेंस क्रिकेट के डायरेक्टर एलेक स्टीवर्ट ने कहा, "6 हफ्तों में 6 मुकाबलों के बेहद मुश्किल शेड्यूल, मैचों के बीच बहुत कम रिकवरी टाइम और अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों को देखते हुए, हमें काउंटी चैंपियनशिप के आखिरी दौर के लिए अपने गेंदबाजी विकल्प में इजाफा करना पड़ा है। हम इस हफ्ते ग्रुप में आकिब का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।"

नबी ने पिछली दो रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है और इन दो सीजन में 100 विकेट लिए हैं। उन्होंने तब भी सुर्खियां बटोरी थीं जब 2025 में दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन के लिए खेलते हुए उन्होंने चार गेंदों पर चार विकेट लिए थे। बाद में 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें साइन किया, जहां उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 5 मैच खेले।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story