वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर20 चैंपियनशिप: इंडियन नेवी के एथलीट्स ने जीते पदक, रक्षा मंत्री ने बताई 'समर्पण और अनुशासन की मिसाल'
नई दिल्ली, 9 अगस्त (आईएएनएस)। इंडियन नेवी के एथलीट्स ने 'वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर20 चैंपियनशिप 2026' में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक जीते। 5 से 9 अगस्त के बीच ओरेगन के यूजीन मे आयोजित इस प्रतियोगिता में बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता, वहीं शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।
रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय खेलों के लिए गर्व का पल, जब हमारे युवा एथलीट्स ने वैश्विक मंच पर शानदार प्रदर्शन किया। बसंत का ऐतिहासिक मेडल – वर्ल्ड चैंपियनशिप में हाई जंप में भारत का पहला मेडल – और शाहनवाज का ब्रॉन्ज मेडल, हमारे रक्षा बलों के समर्पण, अनुशासन और लड़ने के जज्बे की मिसाल हैं। उनका प्रदर्शन देश भर के हर युवा खिलाड़ी के लिए प्रेरणा है।"
बसंत कुमार मेघवाल ने अंडर-20 चैंपियनशिप में 2.21 मीटर की जंप के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। बसंत ने पहले 2.06 मीटर, फिर 2.12 मीटर और 2.17 मीटर की ऊंचाई पार की। इसके बाद 2.21 मीटर की शानदार जंप ने पोडियम पर उनकी जगह पक्की कर दी। इसी के साथ बसंत किसी भी आयु वर्ग की वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हाई जंपर बन गए।
टॉप तीन एथलीट्स ने 2.21 मीटर की ऊंचाई पार की, लेकिन 'काउंटबैक' नियम के आधार पर बसंत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अल्जीरिया के यूनिस अयाची ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, ब्रिटेन के ओटिस पूल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
दूसरी ओर, शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में 7.84 मीटर के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। शाहनवाज ने तीसरे प्रयास में 7.84 मीटर की जबरदस्त जंप लगाई और फिर पांचवें प्रयास में 7.83 मीटर की जंप के साथ पोडियम पर अपना स्थान बनाया। इटली के इनजोली (7.97 मीटर) ने गोल्ड जीता, जबकि ऑस्ट्रेलिया के मैकग्रोडर (7.96 मीटर) ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
--आईएएनएस
आरएसजी

