Samachar Nama
×

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारत को दोहरी कामयाबी, महिलाओं के बाद पुरुषों ने जीता खिताब

अहमदाबाद, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में, भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले शाम को भारतीय महिलाओं ने फाइनल में युगांडा को 35-15 से रौंदा था, जिससे भारत ने इस टूर्नामेंट में 'दोहरी खिताबी जीत' पूरी की।

अहमदाबाद, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में, भारतीय पुरुष टीम ने श्रीलंका को 54-20 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले शाम को भारतीय महिलाओं ने फाइनल में युगांडा को 35-15 से रौंदा था, जिससे भारत ने इस टूर्नामेंट में 'दोहरी खिताबी जीत' पूरी की।

शनिवार को अहमदाबाद में आदित्य शिंदे ने भारत के लिए सबसे ज्यादा अंक (सुपर 10) जुटाए। उन्होंने 14 रेड में 10 रेड प्वाइंट्स हासिल किए, जिनमें चार बोनस प्वाइंट्स भी शामिल थे। भरत हुड्डा ने आठ रेड प्वाइंट्स जोड़े, जो दूसरे हाफ में आए। उन्होंने सात रेड कीं और एक बार भी टैकल नहीं हुए।

पंकज मोहिते ने छह प्वाइंट्स का योगदान दिया, जबकि उप-कप्तान नवीन कुमार ने पांच प्वाइंट्स जोड़े। योगेश दहिया ने डिफेंस की कमान संभाली और 'हाई फाइव' हासिल किया; उन्होंने पहले हाफ में ही पांच सफल टैकल किए।

शुभम शिंदे, कप्तान सुरजीत सिंह, प्रवेश मलिक और दीपक शंकर ने दो-दो टैकल प्वाइंट्स हासिल किए। भारत ने कुल 30 रेड प्वाइंट्स और 14 टैकल प्वाइंट्स बनाए, साथ ही श्रीलंका को चार बार 'ऑलआउट' किया, जबकि खुद एक बार भी 'ऑलआउट' नहीं हुए।

श्रीलंका की तरफ से मदुवंथा सबसे ज्यादा स्कोर करने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने छह टैकल प्वाइंट्स हासिल किए। वहीं, अनसाफ और विदुरंगा ने तीन-तीन प्वाइंट्स जोड़े। श्रीलंका के रेडर पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए।

केन्या के खिलाफ सेमीफाइनल जीत में सबिहान, मिलिंदा चतुरंगा और विदुरंगा ने सबसे ज्यादा प्वाइंट्स जुटाए थे, लेकिन फाइनल में वे तीनों मिलकर 31 रेड में केवल पांच रेड प्वाइंट्स ही हासिल कर सके। श्रीलंकाई टीम अपनी नौ 'डू-ऑर-डाई' रेड में से सात में असफल रही। अंत में, श्रीलंका के खाते में 11 रेड प्वाइंट्स और नौ टैकल प्वाइंट्स आए।

पहले हाफ में 10 मिनट का खेल बाकी रहते हुए भारत 15-8 से आगे था और तब तक श्रीलंका को एक बार 'ऑलआउट' भी कर चुका था। इसके बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 15-2 के अंतर से स्कोर करते हुए हाफ-टाइम तक 30-10 की बढ़त बना ली। हाफ के अंतिम पांच मिनटों में उन्होंने श्रीलंका को दूसरी बार 'ऑलआउट' किया।

पहले हाफ में श्रीलंका 21 रेड में से केवल दो ही सफल रेड कर पाया, जबकि भारतीय डिफेंडर्स ने 10 प्रयासों में नौ सफल टैकल किए। ब्रेक के बाद भारत ने दो और बार श्रीलंका को 'ऑलआउट' किया, जिसमें से आखिरी बार खेल के अंतिम पांच मिनटों में हुआ। भारत ने दूसरा हाफ 24-10 से अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान, भारत ने 40 में से 24 सफल रेड कीं, जबकि श्रीलंका 41 रेड में से केवल सात ही सफल कर पाया।

भारतीय पुरुष टीम ने सभी आठ मुकाबले जीतकर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने ग्रुप-ए में छह जीत हासिल कीं, जिसमें उन्होंने इंग्लैंड को 46-26, युगांडा को 44-30, मलेशिया को 37-23, नाइजीरिया को 50-23, तंजानिया को 48-20 और श्रीलंका को 45-24 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 56-27 से और फाइनल में श्रीलंका को 54-20 से करारी शिकस्त दी।

वहीं, महिलाओं के मुकाबले में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने युगांडा के खिलाफ 35-15 से जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय महिला टीम भी इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम अजेय रही।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags