Samachar Nama
×

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने नाइजीरिया को बुरी तरह हराया

अहमदाबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में, सोमवार को भारतीय पुरुष और महिला टीम ने नाइजीरिया के खिलाफ दमदार जीत हासिल की। पुरुषों ने अपना मुकाबला 50-23 से जीता, जबकि महिलाओं ने नाइजीरिया को 38-10 से रौंदा।

अहमदाबाद, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में, सोमवार को भारतीय पुरुष और महिला टीम ने नाइजीरिया के खिलाफ दमदार जीत हासिल की। पुरुषों ने अपना मुकाबला 50-23 से जीता, जबकि महिलाओं ने नाइजीरिया को 38-10 से रौंदा।

भारतीय महिलाओं ने लगातार चौथी जीत हासिल करते हुए नाइजीरिया को 38-10 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मेजबान भारत ने मजबूत शुरुआत करते हुए जल्द नाइजीरिया को 'ऑलआउट' कर दिया। भारत ने अपने आक्रामक खेल से प्रभावित करना जारी रखा और हाफ-टाइम तक 24-6 की बढ़त बना ली।

अनु सेन ने 11 प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि साक्षी और प्रिया ने क्रमशः पांच और तीन प्वाइंट्स का योगदान दिया। नाइजीरिया की तरफ से रॉबर्ट मोसेस ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और छह प्वाइंट्स जुटाए।

इससे पहले दिन में, केन्याई महिला टीम ने इंग्लैंड की महिला टीम के खिलाफ 82-6 की बड़ी जीत दर्ज की, जो कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने आठ बार 'ऑलआउट' करके टूर्नामेंट का एक नया रिकॉर्ड भी बनाया।

केन्या की जीत में जॉय ओन्यांगो ने 27 प्वाइंट्स बनाकर मुख्य भूमिका निभाई। इंग्लैंड के लिए अनीसा खान सबसे ज्यादा प्वाइंट्स बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, जिन्होंने टीम के कुल 6 प्वाइंट्स में से 4 प्वाइंट्स हासिल किए। इस नतीजे के साथ केन्या ने टॉप 4 में अपनी जगह पक्की कर ली है और वह श्रीलंका के बाद 'ग्रुप बी' से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है।

वहीं, पुरुष वर्ग में भारत ने नाइजीरिया को 50-23 से हराया। सचिन तंवर ने शानदार पांच-पॉइंट की रेड के साथ शुरुआत में ही अपना प्रभाव छोड़ा। पहले हाफ में नाइजीरियाई डिफेंस भारतीय रेडरों को रोकने में नाकाम रहा। हाफ-टाइम तक भारत ने 25-7 की बढ़त के साथ खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया था। तंवर और आदित्य शिंदे ने क्रमशः 12 और 11 प्वाइंट्स बनाए। नाइजीरिया के लिए इटा एडेम ने 8 प्वाइंट्स हासिल किए।

सुरजीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम लगातार चार जीत के साथ फिलहाल 'ग्रुप ए' प्वाइंट्स टेबल में सबसे ऊपर है। अब भारतीय पुरुष टीम मंगलवार, 27 अक्टूबर को तंजानिया का सामना करेगी।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags