कोच कृष्ण कुमार ने बताया, आखिर क्यों आकिब नबी डार को मिलना चाहिए भारतीय टीम में मौका?
नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। रणजी ट्रॉफी के इतिहास में जम्मू-कश्मीर ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। टीम को खिताबी मुकाबले तक पहुंचाने में तेज गेंदबाज आकिब नबी डार का रोल सबसे अहम रहा। टीम के बॉलिंग कोच पी. कृष्ण कुमार का कहना है कि आकिब को भारतीय टीम में शामिल करने का यह एकदम सही समय है।
कृष्ण कुमार ने 'आईएएनएस' के साथ खास बातचीत करते हुए कहा, "मेरे हिसाब से जब एक खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा हो, तो उसे मौका दिया जाना चाहिए। सोचिए अगर आकिब को अभी भारत के लिए खेलने का मौका मिल जाएगा तो कितना अच्छा रहेगा। अगर वह बढ़िया प्रदर्शन नहीं भी कर पाते हैं, तो आपको पता होगा कि नबी को कहां सुधार करने की जरूरत है। आपको उन्हें मौका देना चाहिए और यह काफी महत्वपूर्ण भी है। इसी कारण से ही इन सभी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है।"
कोच ने कहा कि भारतीय टीम के पास तेज गेंदबाजी का बैकअप मौजूद नहीं है ऐसे में आकिब एक अच्छे विकल्प हो सकते हैं। उन्होंने कहा, "इस तरह के मुकाबलों से पता चलता है कि कौन भारतीय टीम में जाने के लायक है। अगर कोई इन स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है, तो उसे यकीनन टीम में मौका दिया जाना चाहिए। देखा जाए तो हमारे पास तेज गेंदबाजी का बैकअप भी मौजूद नहीं है। आप अगर किसी को मौका देना चाहते हैं, तो आकिब को ही यह चांस क्यों न दिया जाए? हमारे पास जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के रूप में दो ही गेंदबाज मौजूद हैं।"
आकिब का प्रदर्शन रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कमाल का रहा है। आकिब टूर्नामेंट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने 9 मुकाबलों में अब तक 55 विकेट निकाले हैं। आकिब का बॉलिंग औसत भी सिर्फ 12.73 का रहा है।
इस सीजन में जम्मू-कश्मीर का तेज गेंदबाज एक पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा 6 बार कर चुका है। क्वार्टर फाइनल में आकिब ने मध्य प्रदेश के खिलाफ कुल 12 विकेट निकाले थे। वहीं, सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने 9 विकेट चटकाते हुए बंगाल के बल्लेबाजी क्रम को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था।
--आईएएनएस
शुभम/आरएसजी

